गुरु कथा से भाव विभोर हुए श्रद्धालु
जामताड़ा - नारायणपुर प्रखंड के पबिया में निरंकारी सत्संग बुधवार को आयोजित किया गया। सत्संग में चित्तरंजन से आए महात्मा शुभाशीष बनर्जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गुरू की महानता से अवगत कराया। गुरू के चरित्र चित्रण और कथा से श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। गुरू की महिमा को बताते हुए उन्होंने कहा कि मानव जीवन में गुरू की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। गुरू के बिना ज्ञान की प्राप्ति नहीं होती है। यदि जीवन में सही मार्गदर्शन करनेवाला गुरू मिल जाय तो जीवन सफल हो जाता है। अन्यथा उचित मार्गदर्शन के अभाव में मनुष्य का जीवन बिखर जाता है। वैमनस्यता, अहंकार, हिंसा और व्यभिचार से व्यक्ति ग्रसित हो जाता है। ऐसी परिस्थिति में वैसा मनुष्य परिवार, समाज, रिश्ते नाते सभी को कष्ट देता है। इसलिए गुरू का ज्ञान और गुरू का सही साथ मनुष्य के जीवन को परिवर्तित करता है और मनुष्य अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है। महात्मा शुभाशीष बनर्जी ने कहा कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंहजी महाराज ने प्रत्येक मानव को मानवता का पाठ पढ़ाने का बीड़ा उठाया है। उनके बताए मार्ग पर चलकर लोगों को मानवता का बोध कराया जा रहा है। बाबा का यह कार्यक्रम तभी सफल होगा जब लोग उनकी बातों को आत्मसात करेंगे। मौके पर सतीश दास, अशोक बाउरी, दयानंद मंडल, बोबिन, गोपाल बर्मा, सदानंद सिंह, काजल, मनोज, श्यामल, वैद्यनाथ आदि थे।