- Hindi News
- कांग्रेस ने शहादत दिवस के रूप में मनाया गांधी जी की पुण्यतिथि
कांग्रेस ने शहादत दिवस के रूप में मनाया गांधी जी की पुण्यतिथि
भास्कर न्यूज - जामताड़ा
गोडसे के अनुयायी और उसके विचारधारा को मानने वाले लोग देश में अराजकता फैलाकर कल, बल और छल से सत्ता में काबिज होना चाहते हैं। कांग्रेस ऐसे विचारधारा मानने वालों का विरोध करती है। इसी उद्देश्य को लेकर महात्मा गांधी के 65वें शहादत दिवस के अवसर पर सत्य संकल्प दिवस मना रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आवाम को जागरूक करना और उन्हें ऐसी विचारधारा के लोगों से सावधान करना है। उक्त बातें कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभु मंडल ने शहादत दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयोजित पार्टी की एक दिवसीय सेमिनार में कही।
प्रभु मंडल ने कहा कि महात्मा गांधी के बताए मार्गों को सिर्फ कांग्रेसी ही नहीं विश्व के कई देश अनुकरण कर रहे हैं। आज ही के दिन देश के राष्ट्रपिता की हत्या नाथू राम गोडसे द्वारा की गई थी। भाजपा द्वारा नमो जाप किया जा रहा है जो देश में अशांति फैलाकर अराजकता पैदाकर सत्ता में काबिज होने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस मोदी के मुखौटे को हटा कर उसका चेहरा जनता के सामने लाएगी और बेनकाब करेगी। पार्टी द्वारा कोर्ट रोड स्थित कार्यालय में शहादत दिवस
के मौके पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस के विभिन्न घटक के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धांजलि देते हुए उनके बताए मार्गो पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभु मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा।
देश फैसला करे किसके मार्ग पर चलना है : हमीद - कांग्रेसी नेता हमीद सुमन ने कहा कि देश ऐसे चौराहे पर खड़ा है जहां आवाम को फैसला करना है कि गांधी के बताए मार्ग पर चलें या अतिवादी विचारधारा के लोगों का साथ दें। जिसने महात्मा गांधी की हत्या की। गोडसे और उनके आठ साथियों द्वारा इस निर्मम घटना को अंजाम दिया गया था। ऐसे अतिवादी विचारधारा के लोग पुन: देश को उसी रास्ते पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद सरकार द्वारा आरएसएस पर बैन लगा दिया गया था। लेकिन तात्कालीन प्रशासन द्वारा यह साबित नहीं किया जा सका कि नाथू राम गोडसे आरएसएस से संबंधित हैं। इसलिए एक वर्ष बाद बैन हटा
लिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सर्वधर्म जाति, वर्ग और समाज को लेकर चलनेवाली पार्टी है और देश का विकास कर रही है। इसी विचारधारा से राष्ट्र का विकास होगा और एक सुदृढ़ व सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा। गोडसे के विचारधारा मानने वाले लोग देश को बांटना चाह रहे हैं। जिसे कांग्रेस कभी नहीं होने देगी। कांग्रेस आवाम को जगाएगी और सच्चाई से अवगत कराएगी। मौके पर विजय कुमार दुबे, नियामत अली, अजीत कुमार दुबे, पंकज झा, अशोक नायक, इरशादउलहक अरसी, अभय पांडेय, बेबी पासवान, विनोद क्षत्री, आजाद अंसारी, संजय गुप्ता, टिंकू साव, तनवीर आलम, राजेश रंजन, नागेश्वर मंडल, भागीरथ पंडित, कल्लू शेख, इदरीश शेख, हराधन भुई, प्रकाश मंडल, राजकुमार यादव, संतोष तांती, चांदमोहन दत्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लोगों को किया संबोधित