स्थापना दिवस की तैयारी जोरों पर
जामताड़ा - झामुमो के स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। जामताड़ा विधायक विष्णु प्रसाद भैया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता को एकजूट करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। विधायक ने कार्यक्रम की सफलता को लेकर क्षेत्र दौरा शुरू कर दिया है। जामताड़ा विधानसभा के जामताड़ा, करमाटांड़ एवं नारायणपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लोगों को रैली की सफलता के लिए आमंत्रण दे रहे हैं। जिलाध्यक्ष श्यामलाल हेम्ब्रम के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक लगातार जारी है। बैठक में लोगों को दुमका में आयोजित रैली में पहुंचाने एवं कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। इस बावत विधायक ने कहा कि झामुमो का स्थापना दिवस ऐतिहासिक होगा। इस कार्यक्रम में आनेवाले लोकसभा और विधानसभा की स्थिति बहुत हद तक स्पष्ट होगी। झामुमो का कारवां बढ़ता रहेगा और आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ झामुमो की सरकार बनेगी। झारखंड का चहुमुंखी विकास होगा।