- Hindi News
- ‘एक मूर्ख और एक हत्यारे के बीच फंस गए हैं... : केजरीवाल
‘एक मूर्ख और एक हत्यारे के बीच फंस गए हैं... : केजरीवाल
एजेंसी - नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने संगीतकार विशाल ददलानी का एक ट्वीट अपने पेज से री-ट्वीट किया। उसमें लिखा है, ‘एक मूर्ख और एक हत्यारे के बीच फंस गए हैं... अब क्या, भारत?’
केजरीवाल के ट्वीट को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के संदर्भ में देखा जा रहा है। विशाल ने सोमवार रात को एक टीवी चैनल पर राहुल गांधी के इंटरव्यू के बाद यह ट्वीट किया था। थोड़ी देर बाद केजरीवाल ने इसे री-ट्वीट किया। दिल्ली में चुनाव के दौरान विशाल आम आदमी पार्टी ((आप)) के लिए प्रचार भी कर चुके हैं।
इस बीच भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने केजरीवाल के री-ट्वीट की निंदा की। कहा, ‘बतौर मुख्यमंत्री केजरीवाल को सार्वजनिक मंच पर कुछ भी कहने से पहले अपनी भाषा को लेकर दो बार सोचना चाहिए। किसी संगीतकार की अपनी सोच हो सकती है।
लेकिन मुख्यमंत्री को सोचना होगा जिसके बारे में वह कह रहे हैं उनमें से एक गुजरात का मुख्यमंत्री और दूसरा सांसद है।’ कांग्रेस ने भी इसकी आलोचना की है।