एक रात में दो जगह चोरी
ब्यावरा - नगर में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस महकमे ने आठ दिन पहले भोपाल बाइपास चौराहे पर हाईवे चौकी को देहात थाने में तब्दील करते हुए अतिरिक्त पुलिस स्टाफ तैनात किया है ताकि क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम हो सके। फिर भी चोर एक ही रात में दो स्थानों पर चोरी कर एक लाख रुपए से अधिक के जेवर सहित अन्य सामान को ले गए।
शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात को देहात थाना क्षेत्र के गांव मोहनीपुरा के एक मकान व अस्पताल रोड के सामने मौजूद विजय नगर कुशवाह कॉलोनी में चोरी की यह घटना हुईं। पहली घटना में चोर मोहनीपुरा गांव निवासी जगदीश दांगी के मुर्गीपालन केंद्र परिसर के मकान से गहनों के साथ सवा लाख रुपए का सामान चुरा ले गए। दूसरी घटना इसी गांव के पास विजय नगर कुशवाह कॉलोनी में हुईं। यहां चोर क्षेत्र के निवासी गोपाल शाक्यवार के सूने मकान का ताला चटकाकर कलर टीवी, डीवीडी, मोबाइल सहित पंद्रह हजार रुपए का सामान ले गए। एक ही रात में दो स्थानों पर हुई चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवालिया निशान लगा दिया हैं।
॥पुलिस टीम चोरों की तलाश में लग गई है। जल्द सफलता मिलने की संभावना हैं। रात्रि गश्त में कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही।
-विजय सागरिया, प्रभारी देहात थाना ब्यावरा