एक फरवरी से जमा होंगे हज के फार्म
नगर संवाददाता - भोपाल
इस वर्ष पवित्र हज चार अक्टूबर को होगा। इसके लिए मप्र हज कमेटी के दफ्तर में 1 फरवरी से 15 मार्च तक आवेदन फार्म जमा होंगे। हज यात्रियों के चयन के लिए अप्रैल में कुरआ खोला जाएगा। सितंबर के पहले सप्ताह से हज यात्रा के लिए राजा भोज विमानतल से सऊदी अरब के शहर जेद्दा के लिए फ्लाइटें रवाना होंगी।
हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने बताया कि मार्च में हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। इनका प्रशिक्षण मुंबई मुख्यालय में होगा। हज यात्रियों के चयन के लिए अप्रैल के आखिरी सप्ताह में कुरआ खोला जाएगा। इसकी तिथि की घोषणा अप्रैल के प्रथम सप्ताह में होगी। कमेटी के कार्यपालन अधिकारी दाउद अहमद खान के अनुसार इस बार हज यात्रियों को पहली किस्त के रूप में 81 हजार रुपए जमा करना होंगे। दूसरी किस्त की राशि बाद में घोषित होगी। मई के अंतिम सप्ताह तक चयनित यात्रियों को अनिवार्य रूप से अपना पासपोर्ट कमेटी के दफ्तर में जमा कराना होगा। इनमें रिजर्व केटेगरी के 70 साल या इससे अधिक आयु के चयनित यात्री भी शामिल हैं।
डॉ. पटेल ने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह में आल इंडिया हज कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें वे मप्र के हज यात्रियों का कोटा बढ़ाने की मांग करेंगे। अभी हर साल मप्र हज कमेटी के दफ्तर में हज यात्रा के लिए 12 से 14 हजार आवेदन फार्म जमा होते हैं, लेकिन यात्री कोटा करीब चार हजार का ही मिलता है। इस कारण हजारों लोग हज करने से वंचित रह जाते हैं।