जीएमसी के १४ छात्र सस्पेंड
नगर संवाददाता - भोपाल
गांधी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार रात हुई मारपीट के मामले में 14 स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया गया है। बुधवार सुबह कॉलेज की अनुशासन समिति की बैठक में यह फैसला किया गया। सस्पेंड होने वाले छात्रों में आठ हॉस्टलर्स और 6 डे-स्कॉलर्स शामिल हैं। ये छात्र अगले आदेश तक कॉलेज से संबंधित किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं हो पाएंगे। बैठक में कॉलेज के डीन डॉ. भानु प्रकाश दुबे के अलावा डॉ. वीके शर्मा, डॉ. योगेश वर्मा, डॉ. केएस बुधवानी, डॉ. अरविंद राय और डॉ. संजय जैन शामिल थे।
मंगलवार शाम जीएमसी के एमबीबीएस के थर्ड और फोर्थ ईयर के डे-स्कॉलर्स और हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स के बीच मारपीट हो गई थी। तीन दिन पहले डे-स्कॉलर्स द्वारा गल्र्स हॉस्टल के पास हंगामा करने के कारण यह विवाद हुआ था। इस झगड़े में 15 छात्र घायल हो गए थे, जिनमें से तीन गंभीर थे। इसके बाद डीन और कॉलेज के अन्य प्रोफेसरों ने स्टूडेंट्स को काफी डांटा था और झगड़ा न करने की समझाइश दी थी। इसके बाद भी देर रात एक बार फिर ये स्टूडेंट्स भिड़ गए।