- Hindi News
- लोनिवि के चीफ इंजीनियर और एसई विदिशा अटैच
लोनिवि के चीफ इंजीनियर और एसई विदिशा अटैच
कार्यालय संवाददाता - विदिशा
राज्य शासन ने पहली बार एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन के आदेश से हाल ही में राजधानी भोपाल परिक्षेत्र मंडल क्रमांक 2 के चीफ इंजीनियर यानी मुख्य अभियंता आरके व्यास और सुपरिंटेडिंग इंजीनियर यानी अधीक्षण यंत्री आरके वैद्य का टेंपरेरी तौर पर मुख्यालय विदिशा किया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सख्ती का असर विदिशा जिले में दिखाई देने लगा है।
मुख्यमंत्री ने विगत 4 जनवरी को अपने विदिशा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे में सड़कों की खराब हालत को देखते हुए लोनिवि के ईई , एसडीओ और सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया था। लोनिवि के ये दोनों ही वरिष्ठ इंजीनियर आगामी 31 जनवरी तक लोनिवि के विदिशा कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे और यहां उपस्थित रहकर लोक निर्माण विभाग के अधूरे और गुणवत्ताहीन कार्यों का निरीक्षण और परीक्षण करेंगे। इतना ही नहीं ये दोनों अधिकारी विदिशा जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की रिपोर्ट अपने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को भेजेंगे। उसी आधार पर गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चीफ इंजीनियर और एसई यह भी देखेंगे कि पिछले दो सालों में हुए अनुबंध के बाद अब तक कितना कार्य हुआ है। यदि नहीं हुआ है तो इसमें लोनिवि ने क्या कार्रवाई की है। ये अधिकारी अब तक जिले की 32 सड़कों का परीक्षण भी कर चुके हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार अभी 7 और इंजीनियरों को सस्पेंड करने की तैयारी की जा रही है।
लोनिवि के ईई संजय खांडे ने बताया कि जिला मुख्यालय विदिशा में लोनिवि के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति का मकसद और मूलमंत्र जिले में सड़क निर्माण कार्यों की गति को बढ़ावा देना और गुणवत्ता को बनाए रखना है।
ञ्चसड़कों की खराब हालत को लेकर सख्ती