परेड के लिए दुरुस्त कर रहे ग्राउंड
नगर संवाददाता - भोपाल
गणतंत्र दिवस पर लालपरेड मैदान में होने वाले मुख्य समारोह के लिए ग्राउंड को दुरुस्त करने में पीडब्ल्यूडी का अमला जुटा हुआ है।
ग्राउंड में जगह-जगह पानी भरा होने से परेड में शामिल होने वाली टुकडिय़ों को अभ्यास में दिक्कत हो रही है। झांकियों को भी नुकसान हुआ है। परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल शुक्रवार सुबह नौ बजे होगी। लालपरेड मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में इस बार परेड कमांडर 2011 बैच की आईपीएस अफसर सीएसपी जबलपुर ईशा पंत और सीएसपी ग्वालियर राहुल कुमार लोधा होंगे। टू आईसी की भूमिका डीएसपी लोकेश कुमार और अरविंद कुमार के जिम्मे होगी। रिहर्सल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, घुड़सवारी प्रदर्शन, लोकनृत्य की भी प्रस्तुति होगी।
इधर, बुधवार रात हुई बेमौसम बरसात के कारण ग्राउंड में कीचड़ हो गया है। मैदान का पानी सुखाने के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। जहां पानी भरा है वहां बुरादा बिछाया जा रहा है। परेड में शामिल होने वाली झांकियों को बरसात से बचाने के लिए बड़ी-बड़ी पन्नियों में रखा है। साथ ही उनकी मरम्मत का काम भी जारी है।