- Hindi News
- आईएएस अफसर के दामाद समेत चार फिर रिमांड पर
आईएएस अफसर के दामाद समेत चार फिर रिमांड पर
नगर संवाददाता - भोपाल
आईएएस अफसर मनीष श्रीवास्तव के दामाद और व्यापमं की परीक्षा पास कराने में मध्यस्थ रहे तरंग शर्मा को एसटीएफ ने दोबारा रिमांड पर ले लिया है। एसटीएफ को दुग्ध संघ भर्ती परीक्षा में भी उसके द्वारा गलत तरीके से भर्ती करवाए जाने के बारे में पता चला है। पीएमटी-2013 के मामले में एसटीएफ उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। जमानत पर छूटने के बाद उसे पीएमटी-2012 में गड़बड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
व्यापमं के नितिन महिंद्रा और एक अन्य सरगना सुधीर रॉय से तरंग की मिलीभगत थी। इसके साथ ही तीसरे गिरोह के सरगना संतोष गुप्ता, व्यापमं के सिस्टम एनालिस्ट अजय सेन और असिस्टेंट प्रोग्रामर सीके मिश्रा को भी प्रोडक्शन वारंट के जरिए रिमांड पर लिया गया है। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक इन तीनों आरोपियों की भूमिका भी दुग्ध संघ भर्ती परीक्षा में हुई गड़बडिय़ों में भी सामने आई है। अदालत से आदेश मिलने के बाद एसटीएफ ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों को गुरुवार शाम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 30 जनवरी तक रिमांड भेजा गया है। इधर, पीएमटी-2012 में हुई गड़बडिय़ों के मामले में एसटीएफ 28 जनवरी को चालान पेश कर सकती है।
एसटीएफ की टीम जाएगी हैदराबाद
एसटीएफ व्यापमं की पूर्व चेयरपर्सन रंजना चौधरी के बयान लेने के लिए हैदराबाद जा सकती है। गड़बड़ी के आरोपी तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक पंकज त्रिवेदी ने एसटीएफ को दिए बयान में कहा था कि गड़बड़ी के एवज में मिली रकम का हिस्सा उसने चौधरी को दिया था।
चौधरी फिलहाल हैदराबाद में कैट की मेंबर हैं।
व्यापमं गड़बड़ी मामला