एक्शन, इमोशन, कॉमेडी की साफ सुथरी फिल्म
दैनिक भास्कर डॉटकॉम.भोपाल
कहानी : ‘दबंग 2’ के 16 महीने बाद सलमान खान सिल्वर स्क्रीन पर उतरे हैं जय अग्निहोत्री बनकर। जय एक आम आदमी है जो आर्मी से निकाल दिया गया है। उसे आर्मी से इसलिए निकाला जाता है, क्योंकि वह कुछ ज्यादा ही ईमानदार है। एक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वह अपने अधिकारियों की बात नहीं मानता और उसे सेना से बर्खास्त कर दिया जाता है। जय दिल का बहुत ही नर्म इंसान है।लोग उसके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं और वह सबकी समस्याएं हल कर देता है। बदले में उसे सब थैंक यू कहते हैं, मगर इसी थैंक यू के आधार पर वह एक नई शुरुआत करता है। वह लोगों से कहता है कि थैंक यू न बोलें, बल्कि उसकी जगह तीन जरूरतमंद लोगों की मदद करें। इस तरह से हर कोई एक-दूसरे की मदद करेगा और देश प्रगति करेगा। इस तरह जय अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ लडऩे वालों की पूरी फौज खड़ी कर देता है। जनता में उसकी लोकप्रियता देखकर एक राजनीतिक पार्टी के दबंग नेता उसके दुश्मन बन जाते हैं। लंबी लड़ाई के बाद अंतत: विजय होती है जय की। वैसे, कहानी के लिहाज से देखा जाए तो यह पुराने फॉर्मूले पर टिकी है, जिसे आप कई फिल्मों में देख चुके हैं।
डायरेक्शन : ‘जय हो’ से पहले सोहेल खान ‘हैलो ब्रदर’ और ‘मैंने दिल तुझको दिया’ जैसी फ्लॉप फिल्मों को डायरेक्ट कर चुके हैं। इस फिल्म में भी उन्होंने उसी फॉर्मूले को रिपीट किया है, जिन्हें अब तक आप सलमान की लगभग हर फिल्म में देखते आए हैं।
एक्टिंग : सलमान की फिल्म में एक्टिंग और कहानी की बात करना बेमानी है। पूरी फिल्म में केवल सलमान ही सलमान नजर आते हैं। एक्टिंग के नाम पर सलमान विलेन के गुंडों की ताबड़तोड़ पिटाई करते नजर आते हैं। क्लाइमेक्स सीन में भी सल्लू अपने फैन्स को निराश नहीं करते और हर बार की तरह शर्ट फाड़कर विलेन के हट्टे-कट्टे बेटे को मौत के घाट उतारकर बुराई के खिलाफ जंग जीत जाते हैं। डेजी बैक अप डांसर थीं तो उनकी इस दक्षता का बखूबी इस्तेमाल किया गया है और जहां गुंजाइश नहीं, वहां भी गाने डालकर उनसे डांस करवा लिया गया है। सलमान की बहन के रूप में तब्बू ने बढिय़ा काम किया है। उनके अलावा अगर किसी की एक्टिंग दिल को छूती है तो वह हैं जेनेलिया डिसूजा। मात्र दो से तीन मिनट के रोल में जेनेलिया ने जो काम किया है, उसके लिए उनकी जितनी तारीफ की जाए कम होगी।
म्यूजिक : सलमान की पिछली फिल्मों के मुकाबले इस फिल्म का संगीत ऐसा नहीं है जिसे लंबे समय तक याद रखा जा सके। ‘जय हो’ से निराशा ही हाथ लगेगी, फिल्म का कोई भी गाना प्रभाव नहीं छोड़ पाता।
क्यों देखें : सलमान के फैन हैं तो निश्चित ही यह फिल्म आपको पसंद आएगी। मारधाड़, नाच-गाना और सबसे बड़ी खासियत है कि आप इसे पूरी फैमिली के साथ एन्जॉय कर सकते हैं। सलमान की पिछली फिल्मों की तरह ही यह फिल्म भी साफ-सुथरी है।
द्वश1द्बद्ग ह्म्द्ग1द्बद्ग2
स्टार कास्ट : सलमान खान, तब्बू , डैनी, डेजी शाह, सुनील शेट्टी, अस्मित पटेल, यश टोंक, सना खान, मोहनीश बहल, महेश मांजरेकर, मुकुल देव, आदित्य पंचोली, पुल्कित सम्राट, निर्माता : सुनील ए लुल्ला, सोहेल खान, म्यूजिक डायरेक्टर : साजिद-वाजिद, अमल मलिक, डायरेक्टर : सोहेल खान, शैली : ड्रामा
फिल्म: जय हो
स्टार रेटिंग