पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर हुए सर्वे में सौ से भी कम सीटें पाने वाली कांग्रेस राज्यों में अभी भी गुटबाजी में फंसी लगती है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक को उन्हीं के समर्थक प्रदेश सचिव जगदीश यादव ने विवादित बना दिया। बैठक के बीच में जगदीश यादव बाहर आए और चर्चा चल पड़ी कि उन्होंने दिग्विजय सिंह को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। बैठक में मौजूद अन्य नेता इससे इनकार करते रहे, लेकिन जगदीश यादव ने न तो इसका खंडन किया और न ही पुष्टि। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा ‘आज के शुभ दिन मैं उस अशुभ व्यक्ति का नाम नहीं लेना चाहता।’ प्रदेश सचिव यादव ने कहा कि बैठक में उन्हें जो कहना था, वह कह दिया, लेकिन उस बात को दोहराएंगे नहीं, क्योंकि यह अनुशासनहीनता हो जाएगी।
वानखेड़े ने लगाया असहयोग का आरोप : बैठक में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष विपिन वानखेड़े द्वारा बड़े नेताओं पर असहयोग का आरोप लगाने पर हंगामा मच गया। उनका कहना था कि पार्टी के धरने-प्रदर्शन की भी हमें सूचना नहीं मिलती। वानखेड़े से पहले युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुणाल चौधरी ने कहा कि बड़वाह से सचिन बिड़ला और सीहोर से सुदेश राय को टिकट नहीं दिए गए। राय चुनाव जीत गए और बिड़ला दूसरे नंबर पर रहे। पार्टी ने इन दोनों को बाहर कर दिया। बैठक के बाद अरुण यादव ने वानखेड़े और कुणाल दोनों को अपने कक्ष में बुलाया और फटकार लगाई।
अगले महीने भड़ास निकालो कार्यक्रम, पटैरिया ने की दिग्विजय की तारीफ
पूर्व मंत्री राजा पटैरिया ने बैठक में दिग्विजय की तारीफ की। पटैरिया ने कहा कि 1993 में दिग्विजय सिंह ही कांग्रेस को सत्ता में लेकर आए थे। प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए दिग्विजय ने पूरे प्रदेश का ब्लॉक स्तर तक दौरा किया था। उन्होंने अरुण यादव को भी दिग्विजय शैली अपनाने की सलाह दी। प्रदेश सचिव अजय चौरे ने बैठक में केंद्रीय मंत्री कमलनाथ की तारीफ की। इस पर दूसरे सचिव साजिद अली ने उन्हें टोका और कहा कि यह पूरी कांग्रेस पार्टी की बैठक है। प्रदेश सचिव रियाज हुसैन ने कहा कि मोदी की आक्रामक शैली से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है। विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह ने हाल ही में ईओडब्ल्यू द्वारा पेश चालान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें फंसा दिया।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि फरवरी के पहले सप्ताह में 2013 के विधानसभा और 2009 के लोकसभा प्रत्याशियों का तीन दिवसीय भड़ास निकालो कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
ब्लॉक कमेटियों को मजबूत करें : विधायक जीतू पटवारी और प्रदेश सचिव विकल्प डेरिया ने ब्लॉक कमेटियों को मजबूत करने की बात कही। पटवारी ने कहा कि अब कांग्रेस में गुटबाजी की बात करने वालों के लिए जगह नहीं होना चाहिए। डेरिया ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति का आधार केवल नेतृत्व क्षमता होना चाहिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.