पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • झा और जटिया जाएंगे राज्यसभा, लोकसभा के नामों पर भी हुई बात

झा और जटिया जाएंगे राज्यसभा, लोकसभा के नामों पर भी हुई बात

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल. भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार होंगे। प्रदेश चुनाव समिति द्वारा तय किए गए इन नामों को शुक्रवार को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह व केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों ने मंजूरी दे दी। प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन दोनों नेताओं के नाम लेकर शुक्रवार दोपहर ही लोकसभा नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज के साथ दिल्ली गए थे।

राजनाथ से चर्चा के बाद प्रभारी महासचिव अनंत कुमार ने मीडिया को दिल्ली में झा व जटिया के उम्मीदवार होने की जानकारी दी। झा सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक पार्टी दफ्तर में होनी थी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के अस्वस्थ होने के कारण बैठक उन्हीं के निवास पर हुई। बैठक में मेनन समेत कुछ सदस्यों ने विक्रम वर्मा व सुधा मलैया का नाम सुझाया, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी।

लोकसभा चुनाव की सीटों पर भी चर्चा : चुनाव समिति ने लोकसभा की 29 सीटों पर भी सीट वार चर्चा की। जब सिंगल नाम वाली सीटों को लेकर चर्चा हुई तो मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि विदिशा ही एक सीट है जहां से सुषमा स्वराज तय हैं। बात भोपाल और इंदौर तक आती उससे पहले ही मुख्यमंत्री ने कहा कि बाकी नामों पर अगली बैठक में चर्चा होगी।

तभी सांसद कैलाश जोशी ने कहा कि संभावित उम्मीदवारों के जो नाम सामने आए हैं, उनके बारे में और फीडबैक लिया जा सकता है। चुनाव समिति सदस्य व पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने खजुराहो से चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर की। तोमर के निवास पहुंचे ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव ने दमोह से दावेदारी की।