शोभायात्रा निकाली भंडारे का आयोजन
निज संवाददाता - बुदनी
मां नर्मदा जी की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम जगदगुरू रामानंदाचार्य की जयंती के अवसर किया गया। इस अवसर पर बुदनी षठदर्शन रेवा मंडल के तत्वावधान में महंत जगदीश दास त्यागी भोपाल के सानिध्य में शोभा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा बुदनी घाट गोपाल मंदिर से भैरव मंदिर, झंडा चौक , विश्वकर्मा मंदिर होते हुए नर्मदा घाट पहुंची। शोभा यात्रा में महंत अयोध्यादास, महंत चंद्रभानदास भोपाल, रामदास देवरी, दयादास भोपाल, गिरीश दास बकतरा, सीताराम दास नहलाई, बालकदास बहोरी व बुदनी, गोपालदास सुड़निया आदि उपस्थित थे। गुरुवार को पूर्णाहूति, भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया गया।
इस मौके पर रिकांडो वाली भंवरी बाई ने मां नर्मदा की प्रतिमा भेंट की। इसकी स्थापना गोपाल मंदिर में की गई। उल्लेखनीय है कि भंवरी गत 33 सालों से मंदिर में ही निवास कर रही हैं। प्रतिमा की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है, जो संगमरमर की है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।