- Hindi News
- हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट: शुरू से ही चलती रही गड़बड़ी पर नहीं दिया ध्यान
हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट: शुरू से ही चलती रही गड़बड़ी पर नहीं दिया ध्यान
नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी को नोटिस
भोपाल - वाहनों पर लगाई जा रही हाई सिक्युरिटी नंबर प्लेट व्यवस्था में गड़बडिय़ों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने ठोस कदम नहीं उठाया। मामला जब विभागीय मंत्री भूपेंद्र सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी का अनुबंध खत्म करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अब अफसर इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। लिंक उत्सव प्राइवेट लिमिटेड ने 22 फरवरी 2012 से नंबर प्लेट लगाने का काम आरटीओ परिसर में शुरू किया, लेकिन गड़बडिय़ों के चलते लगातार पिछड़ता गया। ऐसी ही स्थिति अन्य जिलों में भी रही। इस बारे में आए दिन प्रदेशभर से आरटीओ कार्यालय में शिकायतें मिल रही थीं। इस बारे में जब ट्रांसपोर्ट कमिश्नर संजय चौधरी से बात की तो उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य सरकार के निर्देश पर कंपनी को नोटिस जारी किया जा रहा है। अधिकारी नोटिस देने से पहले विधि विशेषज्ञों से चर्चा कर रहे हैं। वहीं, लिंक उत्सव प्रा.लि. के स्टेट हेड संजीव खरे का कहना था कि कंपनी को नोटिस देने या अन्य किसी कार्रवाई के संबंध में हमें कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल हम काम की गति तेज करने में लगे हुए हैं।