एसडीओपी और टीआई पुलिस मुख्यालय अटैच
कार्यालय संवाददाता - गंजबासौदा
नगर में बढ़ते अपराधों को शासन ने गंभीरता से लिया है। एसपी धर्मेन्द्र चौधरी से चर्चा के बाद डीआईजी आरएल प्रजापति ने कोतवाली में पदस्थ टीआई आरआर साहू और एसडीओपी विमल कुमार जैन को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया है।
बढ़ रहे अपराधों और हथियारों की अवैध मंडी बनने पर दैनिक भास्कर ने २४ जनवरी को समाचार प्रकाशित किया है। दो साल से नगर में चल रहे आपराधिक घटनाक्रमों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। निर्णय लेने से पूर्व एसपी और डीआईजी ने लंबी चर्चा की। अब कोतवाली में नए टीआई सुदामा शुक्ला होंगे। जिन्हें तत्काल प्रभाव से कोतवाली का चार्ज दिया गया है। एसपी ने नगर में बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए नगर निरीक्षक सहित पांच पुलिस कर्मियों की टीम गठित की है। गठित दल सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करेगा।
नियंत्रित होंगे अपराध
॥पुलिस की पहली प्राथमिकता अपराधों पर नियंत्रण की होगी। अवैध हथियार नगर में कहां से आ रहे हैं इसकी जांच की जाएगी। हत्यारों को जल्दी ही पकड़ा जाएगा। अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
धर्मेंन्द्र चौधरी, एसपी विदिशा
॥बढ़ते अपराधों को नियंत्रित करने विभाग गंभीरता से कार्रवाई कर रहा है। गंजबासौदा कोतवाली में पदस्थ टीआई और एसडीओपी को पुलिस मुख्यालय अटैच किया गया है।
आरएल प्रजापति,
डीआईजी भोपाल
दोनों में तालमेल नहीं
कोतवाली में पदस्थ टीआई और एसडीओपी में तालमेल का अभाव था। इसके चलते अपराधियों सहित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। वर्तमान एसडीओपी विमल कुमार जैन इससे पहले कोतवाली में ही नगर निरीक्षक के रूप में पदस्थ थे। उनका प्रमोशन भी कोतवाली से हुआ था।
कल्चुरी नजर रखेंगे
एसपी ने बताया टीआई सुदामा शुक्ला के अतिरिक्त गंजबासौदा कोतवाली की कार्यप्रणाली और आपराधिक गतिविधियों पर कमलेन्द्र कल्चुरी विदिशा से नजर रखेंगे। उनके सहयोग के लिए दो पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया जा रहा है।
बासौदा में लगातार बढ़ रहे अपराधों की सजा मिली
गंजबासौदा। एसपी ने दी टीआई, एसडीओपी को लाइन अटैच करने की जानकारी।
२४ जनवरी को प्रकाशित खबर