पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. प्री- मेडिकल टेस्ट ((पीएमटी)) 2012 में गड़बड़ी कर मेडिकल कॉलेज में एडमिशन ले चुके करीब पौने दो सौ छात्रों की परीक्षा व्यावसायिक परीक्षा मंडल ((व्यापमं)) निरस्त करेगा। इनमें भोपाल के 23 छात्रों के नाम बताए जाते हैं। कार्रवाई अगले सप्ताह होगी। इसके लिए व्यापमं ने एसटीएफ से इन स्टूडेंट्स की सूची मांगी है। इसकी पुष्टि व्यापमं के परीक्षा नियंत्रक स्तर के एक अधिकारी ने की है।
व्यापमं सूत्रों ने बताया कि पीएमटी 2012 में विशेषज्ञों की कमेटी ने 701 स्टूडेंट्स को मिसमैच रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध माना था। इनमें 350 परीक्षार्थी वे थे, जिनकी बैठक व्यवस्था बदली गई थी। साथ ही उनके स्थान पर व्यापमं की परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपी तत्कालीन प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट नितिन महिंद्रा ने नकल के लिए रुपए देने वाले स्टूडेंट्स को बिठाया था। इस कारण संदिग्धों की सूची से 350 विद्यार्थियों के नाम एसटीएफ ने हटा दिए हैं। शेष परीक्षार्थियों में नकल करने वाले और कराने वाले स्कोरर स्टूडेंट्स के नाम शामिल हैं।
इनमें से पौने दो सौ स्टूडेंट्स ने पीएमटी क्वालीफाई की है, जिनकी परीक्षा निरस्त की जाएगी। व्यापमं अधिकारी के मुताबिक जिन स्टूडेंट्स की परीक्षा निरस्त की जा रही है, उनमें से करीब 100 विद्यार्थियों ने पीएमटी काउंसलिंग से सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन लिया है।
तरंग ने संतोष से कमीशन में लिए थे छह लाख
व्यापमं की दुग्ध संघ भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के दो आरोपियों तरंग शर्मा तथा संतोष गुप्ता ने शुक्रवार को स्वीकारा कि उनके बीच परीक्षा में पांच अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए तीस लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। एसटीएफ ने इन दोनों का आमना-सामना कराया था। तरंग आईएएस अफसर मनीष श्रीवास्तव का दामाद है। जो इस मामले में रिमांड पर चल रहा है। आरोपियों ने बताया कि यह लेनदेन सितंबर 2012 की परीक्षा में किया गया था। तरंग ने उक्त राशि में से छह लाख रुपए बतौर कमीशन काट लिए थे।
बाकी रकम नितिन महिंद्रा को दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक तरंग, संतोष, चंद्रकांत मिश्रा और अजय सेन द्वारा की गई गड़बड़ी परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-२०१३ में भी सामने आई है। आरोपियों ने नितिन महिंद्रा की मदद से अपने कैंडिडेट को रुपए लेकर पास करवाया था। चारों आरोपियों को तीस जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है।
शुक्ला पर इनाम घोषित करने की तैयारी:
व्यापमं की संविदा शिक्षक परीक्षाओं की गड़बड़ी में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के ओएसडी रहे ओपी शुक्ला पर जल्द ही इनाम घोषित हो सकता है। एसटीएफ ने उनकी संपत्ति की जानकारी निकलवानी शुरू कर दी है। शुक्ला को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और वह अपने घर पर भी नहीं मिले हैं। इसके अलावा प्रदेश और इससे बाहर स्थित उनके संभावित ठिकानों पर भी एसटीएफ दबिश दे चुकी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.