डॉक्टर के बेरोजगार बेटे ने लगाई फांसी
संत हिरदाराम नगर. भोपाल
संत हिरदाराम नगर में सरकारी अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर के बेटे ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना संतनगर के ओल्ड डेयरी फार्म क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक बैरागढ़ सिविल अस्पताल के सीनियर डॉक्टर एमएस ठाकुर के 32 वर्षीय बेटे जीतू उर्फ जितेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार देर रात अपने कमरे में फंसी लगा ली। घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय लगी जब डॉ. ठाकुर जीतू के कमरे में पहुंचे। कमरे में वह फंदे पर लटका था। जीतू की पत्नी एक हफ्ते पहले मायके गई हैं। फिलहाल वह बेरोजगार था। एसडीओपी बैरागढ़ एनएस दामले का कहना है कि जीतू डिप्रेशन में था, संभवत: इसी वजह से उसने आत्महत्या की है।