- Hindi News
- बोहरा समाज ने कहा मुफद्दल ही हैं उनके उत्तराधिकारी
बोहरा समाज ने कहा मुफद्दल ही हैं उनके उत्तराधिकारी
नसं. भोपाल. दाऊदी बोहरा समाज ने कहा है कि सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब ही उनके धर्मगुरु के उत्तराधिकारी हैं। उनकी ही नियुक्ति सैयदना मोहम्मद डॉ. बुरहानुद्दीन साहब ने की है। इसलिए शासन तथा प्रशासन उन्हें ही बोहरा समाज के धर्मगुरु के रूप में मान्यता प्रदान करे।
यह बात समाज के एक प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को कलेक्टर निशांत वरवड़े को एक ज्ञापन सौंपकर कही। समाज के आमिल शेख जोहेर अहमद अली के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। समाज के प्रवक्ता डॉ. तैयब सैफी ने बताया कि सैयदना साहब के सौतेले भाई खुजेमा कुतुबुद्दीन ने अपने आपको धर्मगुरु घोषित कर दिया है। इसी बात का विरोध करने समाज ने देशभर में इस तरह के ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे हैं। उन्होंने बताया कि कुतुबुद्दीन के झूठे दावे ने पूरे समाज को व्यथित कर दिया है। इससे पूरे विश्व के बोहरा समाज में भी रोष की लहर व्याप्त है।
समाज के लिए काम किया: ज्ञापन में कहा गया है कि सैयदना साहब के करीब 50 साल के कार्यकाल के दौरान समाज ने न सिर्फ देश में बल्कि पूरे विश्व में अपार उन्नति की। इसी का नतीजा है कि समाज के लोग सामाजिक, आर्थिक व सामाजिक क्षेत्र में पहचाने जाते हैं। जिस व्यक्ति के कारण समाज ने इतना लंबा रास्ता तय किया, उनके निधन से सभी लोग विचलित हैं। ऐसे में उत्तराधिकार का विवाद और सामने आ जाने से समाज में रोष है।
हानि न पहुंचाने दें: जिला कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में समाज के पदाधिकारियों ने कहा है कि हमने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को ही अपना धर्मगुरु स्वीकार किया है। उनके मार्गदर्शन में ही हम अमन व शांति से जीवन व्यतीत करना चाहते हैं। इसलिए खुजेमा कुतुबुद्दीन तथा उनके परिवार या उनसे संबंधित लोग बोहरा समाज को किसी प्रकार की हानि न पहुंचाएं व परेशान न करें, इस बात की जवाबदारी शासन-प्रशासन सुनिश्चित करे।