- Hindi News
- १८५ में से १३ आरोपियों के खिलाफ चालान पेश
१८५ में से १३ आरोपियों के खिलाफ चालान पेश
नसं. भोपाल - लोक शिक्षण संचालनालय ((डीपीआई)) द्वारा आयोजित टाइपिंग परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में एसटीएफ ने टाइपिंग बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुभाष पाचपोर, सचिव आशा जादौन और सदस्य आलोक सोनी सहित 13 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश कर दिया है। सोमवार को सीजेएम पंकज सिंह माहेश्वरी की अदालत में एसटीएफ की ओर से पेश चालान 713 पेजों में है। चालान में सभी आरोपियों और उनसे जुड़े सबूतों की जानकारी दी गई है। टाइपिंग परीक्षा में हुई गड़बड़ी का खुलासा करते हुए एसटीएफ ने 2270 परीक्षार्थियों की टाइपिंग शीट जब्त कर 185 लोगों को आरोपी बनाया है। इसके बाद एसटीएफ ने टाइपिंग बोर्ड के चार कर्मचारियों और बोर्ड के तीन सदस्य एवं विशेषज्ञों को गिरफ्तार किया था। इस गड़बड़ी में पाचपोर, जादौन और सोनी मुख्य आरोपी हैं।
क्या है चालान में
चालान में लिखा है कि 7 अक्टूबर 2013 को एसटीएफ मुख्यालय को मिले गोपनीय पत्र के बाद टाइपिंग बोर्ड अध्यक्ष, सचिव व प्रभारी विजय सिंह लोधी ने पांच से दस हजार रुपए प्रति उम्मीदवार से लेकर करीब सात हजार छात्रों को हिंदी-अंग्रेजी टाइपिंग एवं शार्ट हैंड परीक्षा में पास करवाया है। जांच के दौरान हिंदी टाइपिंग के परीक्षार्थियों की 2271 कापियां, अंग्रेजी टाइपिंग की 300, हिंदी शार्ट हैंड की 369, अंग्रेजी शार्ट हैंड की 7 उत्तर पुस्तिकाएं संदिग्ध पाई गई। एसटीएफ को जांच के दौरान पता चला कि देवेंद्र मालवीय, ओमप्रकाश मालयान, रीता जायसवाल, साधना मिश्रा, श्याम सुंदर सक्सेना, आलोक सोनी, अजय कुमार अग्रवाल, शरद नागरीकर भी इस मामले में शामिल थे।