एसटीएफ को मोहित की तलाश
नगर संवाददाता - भोपाल
स्पेशल टास्क फोर्स ((एसटीएफ)) ने पीएमटी में गड़बड़ी के आरोपी डॉ. जगदीश सागर और संजीव शिल्पकार के खास साथी मोहित चौधरी की तलाश तेज कर दी है। आरोपी सन 2012 और 2013 में इस परीक्षा में हुई गड़बड़ी का अहम सूत्रधार बताया जा रहा है। इंदौर के एमजीएम कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र रह चुके मोहित की तलाश के लिए एसटीएफ की टीमें उसके कई ठिकानों पर दबिश दे चुकी है।
मोहित को बीते साल छह मार्च को कोलार पुलिस भी उसके चार साथियों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर हाईटेक तरीके से एमपी पीएससी, पीईटी और पीएमटी परीक्षाओं में नकल कराता था। इसके लिए वे विषय विशेषज्ञों की मदद से ब्लूटुथ डिवाइस के जरिए परीक्षा हॉल में बैठे परीक्षार्थी के लगातार संपर्क में रहते थे और उसे हर जवाब बताते चले जाते थे। शर्ट की कॉलर में इस डिवाइस को छिपाकर परीक्षार्थी को पेपर देने भेजा जाता था। गिरफ्तारी के बाद मोहित जमानत पर छूट गया था।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक मोहित एमपीपीएससी, पीईटी और पीएमटी के पेपर आउट करवाने से लेकर इन परीक्षाओं में पास करवाने तक के ठेके लेता था। 35-40 लाख रुपए में तय हुए सौदे की शुरूआत परीक्षार्थी की मार्कशीट और कुछ रकम लेकर होती थी। काम हो जाने के बाद उससे पूरी रकम वसूली जाती थी। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि जगदीश सागर और संजीव शिल्पकार के अलावा अन्य आरोपियों ने भी उसके बारे में बताया है। इस आधार पर एसटीएफ उसकी तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि उसके पकड़े जाने के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
टाइपिंग परीक्षा में गड़बड़ी
सूत्रों के मुताबिक गांधी मेडिकल कॉलेज के तीन संदिग्ध छात्रों को एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्रों ने पैसा देकर गलत तरीके से पीएमटी-2012 पास की थी। हालांकि, एसटीएफ के अफसरों ने इस कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।
पीएमटी-2012 में हुई गड़बड़ी के मामले में एसटीएफ बुधवार को चालान पेश कर सकती है। इस मामले में करीब पौने दो सौ आरोपी बनाए गए हैं। इनमें फिलहाल गिरफ्तार हुए 13 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में सागर और शिल्पकार सहित तरंग शर्मा, पंकज त्रिवेदी, नितिन महिंद्रा, अजय सेन, चंद्रकांत मिश्रा, प्रदीप रघुवंशी और विकास सिंह सहित चार अन्य शामिल हैं। हर आरोपी की करतूत करीब छह सौ पन्नों में दर्ज की गई है। इस आधार पर माना जा रहा है कि यह चालान करीब आठ हजार पेज का हो सकता है।
जीएमसी के तीन संदिग्ध छात्र हिरासत में
कल पेश होगा पीएमटी 2012 में चालान
पीएमटी २०१२ की परीक्षाओं में गड़बड़ी के मुख्य सूत्रधार की तलाश में छापे