पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भोपाल में फिटनेस सेंटर अकादमी खोलेंगे श्रीसंथ

भोपाल में फिटनेस सेंटर अकादमी खोलेंगे श्रीसंथ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खेल संवाददाता - भोपाल
आईपीएल-6 में स्पॉट फिक्सिंग करने के आरोप में आजीवन प्रतिबंध झेल रहे भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंथ को ऊपर वाले पर पूरा भरोसा है। श्रीसंथ का मानना है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। वह जल्दी ही वापसी करेंगे। इस बीच वह मप्र की राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में क्रिकेट अकादमी व उच्च स्तरीय फिटनेस सेंटर स्थापित करेंगे। श्रीसंथ इन दिनों भोपाल में हैं। वे अपने सास-ससुर की शादी की 25वीं सालगिरह में शामिल होने आए हुए हैं। इसी दौरान उन्होंने दैनिक भास्कर से संक्षिप्त चर्चा की-



फिलहाल क्या कर रहे हैं और आगे की

क्या योजना है?

श्रीसंथ- ((हंसते हुए)) अभी-अभी शादी हुई है। पूरा समय परिवार को दे रहा हूं। देखिए मम्मी-पापा ((सास-ससुर)) की सालगिरह थी और मैं आ गया। पहली बार भोपाल आया हूं। अच्छा लगा, मुझे काफी वेलकम मिला। फिर तुरंत गंभीर होते हुए बोले, मैं यहां पर एक उच्च स्तरीय जिम और क्रिकेट अकादमी स्थापित करना चाह रहा हूं। इसके लिए मेरी संबंधित सभी व्यक्तियों से बात हो चुकी है। किन-किन लोगों से बात हुई इसका खुलासा फिलहाल नहीं कर पाऊंगा।

वापसी को लेकर क्या सोचते हैं?

श्रीसंथ- ((दोनों हाथ ऊपर करते हुए बोले)) मुझे उस पर भरोसा है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। जल्दी ही बुरे दिन गुजर जाएंगे।

बीसीसीआई और केरल क्रिकेट एसोसिएशन का आपको लेकर क्या रुख है?

श्रीसंथ- मुझे केरल क्रिकेट एसोसिएशन व बीसीसीआई दोनों का समर्थन मिल रहा है। सभी का सकारात्मक रुख है। दोनों से भरपूर सहयोग मिल रहा है।

कप्तान एमएस धोनी से कोई बात हुई है?

श्रीसंथ- नहीं। वो हमारे कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में दो-दो वल्र्ड कप खेले और जीते। सुखद यादें हैं उनके साथ। लेकिन लंबे समय से कोई चर्चा नहीं हुई। हां, वीरू भाई से जरूर बात हुई। रणजी मैच के दौरान उनसे भेंट हुई थी। उन्होंने काफी हौसला दिया।

कहा, बुरा वक्त जल्दी गुजरेगा, मैंने कोई गलत नहीं किया, ऊपर वाले पर पूरा भरोसा है वापसी करूंगा