- Hindi News
- 000उत्तर हवाओं से बढ़ी ठंड, कोहरा छाया मंगलवार को तापमान में और गिरावट आने के आसार
000उत्तर हवाओं से बढ़ी ठंड, कोहरा छाया-मंगलवार को तापमान में और गिरावट आने के आसार
भोपाल - राजधानी में सोमवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे तक पूरा शहर कोहरे के आगोश में लिपटा रहा। इस दौरान विजिबिलिटी ५० मीटर से भी कम रह गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धीरे-धीरे कोहरा भी छंटता गया। कई दिनों बाद सूरज अपनी पूरी तपिश के साथ सामने आया। दिनभर तेज धूप निकली। हालांकि बादल छंटने और उत्तरी हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजधानी में उत्तर व उत्तर पूर्व दिशा से हवाएं आ रही हैं। ऐसे में मंगलवार को तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। सोमवार सुबह ईदगाह हिल्स के इस दृश्य को श्यामला हिल्स से सुबह ७.३० बजे अपने कैमरे में कैद किया फोटो जर्नलिस्ट शान बहादुर ने ।
सहायक मौसम विज्ञानी एसके डे ने बताया कि अब मध्यप्रदेश या आसपास के राज्यों में कोई भी ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय नहीं है। इसी वजह से आसमान साफ हो गया है और उत्तर व उत्तर पूर्व की दिशा से हवाएं आ रही हैं। हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस और गिरावट आने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
घना कोहरा, फ्लाइट्स पर असर : सोमवार सुबह शहर में घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान विजिबिलिटी ५० मीटर से भी नीचे आ गई। सुबह 8 बजे धूप निकलने के बाद मौसम साफ हुआ। कोहरे की वजह से अहमदाबाद से भोपाल आने वाली और भोपाल से रायपुर जाने वाली जेट एयरवेज की फ्लाइट रद्द हो गई। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई से भोपाल आने वाली जेट की अन्य उड़ानें भी तीन घंटे की देरी से आईं।
कोहरे के आगोश से धीरे-धीरे बाहर आता शहर