पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • परीक्षा फॉर्म जमा नहीं हुए तो छात्रों ने किया हंगामा

परीक्षा फॉर्म जमा नहीं हुए तो छात्रों ने किया हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ((बीयू)) में परीक्षा फॉर्म जमा नहीं होने की शिकायत को लेकर छात्रों ने मंगलवार को हंगामा कर दिया। सैकड़ों छात्र-छात्राएं एमपी ऑनलाइन का पोर्टल नहीं खुलने तथा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं होने की शिकायत लेकर यहां पहुंचे थे। छात्रों ने फॉर्म जमा करने के लिए वेबपोर्टल दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। हंगामा बढ़ता देख सुरक्षा कर्मियों ने छात्र-छात्राओं को बाहर कर प्रशासनिक भवन के सभी मुख्य गेट पर ताले लगा दिए। इसके बाद सूचना पर पहुंची बागसेवनिया पुलिस ने स्थिति को संभाला।
छात्र-छात्राएं अपनी शिकायत लेकर अफसरों से बात करने के लिए गोपनीय शाखा व रजिस्ट्रार कक्ष में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। छात्रों ने बताया कि वेबपोर्टल नहीं खुलने के कारण उनके फॉर्म जमा नहीं हो रहे हैं। कई छात्रों ने रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिलने की शिकायत की। छात्रों का कहना है कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के बावजूद उन्हें रजिस्ट्रेशन जनरेट नहीं हुआ है। छात्रों ने अपनी शिकायत रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी के सामने भी रखी। लेकिन रजिस्ट्रार ने छात्रों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए एक और मौका देने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि विवि पहले ही 11 बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तारीखें बढ़ा चुका है। यदि फिर तारीख बढ़ाई गई तो परीक्षा में और देरी हो जाएगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा पहले ही दो महीने लेट हो चुकी है। वहीं छात्रों का कहना है कि कॉलेज ने जो रजिस्ट्रेशन नंबर उन्हें दिया है, उससे उनका फॉर्म ही नहीं खुल रहा है। पिछले दो दिन से पोर्टल बंद है। प्रदर्शन करने वालों में अधिकांश छात्र प्राइवेट और एटीकेटी वाले थे।


उधर, विवि की वेबसाइट के कोआर्डिनेटर डॉ. अमित दत्ता ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर के लिए करीब 1 लाख 20 हजार छात्रों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इनमें से अब तक 84 हजार से ज्यादा के फॉर्म जमा हो चुके हैं।



बीएड : राज्य व ऑल इंडिया कोटे की मेरिट होगी अलग-अलग

बीयू - वेबपोर्टल दोबारा शुरू करने की कर रहे थे मांग