महिला की लाश मिली, हत्या की आशंका
ओबैदुल्लागंज - चिकलौद ग्राम के पास जिन्दबाबा की पुलिया के नीचे एक महिला की लाश मिली है। पुलिस के अनुसार सुबह सात बजे चिकलोद-भोपाल सड़क मार्ग पर करीब 24 वर्षीय महिला की लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। टीआई महेंद्र सिंह मीणा का अनुमान है कि महिला की हत्या की गई है। उसके गले में रस्सी के फंदे के निशान मिले हैं। इसके बाद उसे यहां फेंका गया होगा। लाश करीब दो दिन पुरानी बताई जा रही है। महिला पीले रंग के पट्टे की साड़ी एवं नीले रंग का ब्लाउज व हाथ में तीन अंगूठी पहने हुए हैं।
पुलिस ने केस दर्ज कर अज्ञात हत्यारे की तलाश, महिला की पहचान करने आदि की जांच शुरू कर दी है।