रिटायर्ड कर्मियों के हक में लड़ेंगे
नगर संवाददाता - भोपाल
भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने भेल प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर सेवानिवृत कर्मचारी और व्यापारियों की समस्याएं हल नहीं हुईं तो वे इसके लिए दिल्ली तक लड़ाई लड़ेंगे। उनके साथ किए गए अभद्र व्यवहार की जानकारी भी वे सीएमडी को भेज रहे हैं। इसके बाद भी अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो भेल के कार्यपालक निदेशक ((ईडी)) के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
यह बात मंगलवार को विधायक सारंग ने व्यापारी और सेवानिवृत कर्मचारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत कर्मचारियों का इलाज बंद कर प्रबंधन ने अमानवीय कार्य किया है। भेल प्रवक्ता विनोदानंद झा के अनुसार विधायक सारंग गोविंदपुरा की चर्चा करने आए थे। इस कारण ईडी शशि रंजन प्रसाद ने उनकी मांग के अनुसार प्रशासन के अफसरों से जानकारी ली है। टाउनशिप की सड़कें बनाने के लिए टेंडर प्रकिया चल रही है।
इसके पूरा होते ही गोविंदपुरा की सड़कें बनाई जाएंगी। गोविंदपुरा के मकान भी सुधारे जा रहे हैं। बाजारों और सेवानिवृत कर्मचारियों की पेंशन व मकानों का मामला कार्पोरेट स्तर का है।
अब ईडी के बंगले पर होगा हंगामा
सारंग ने कहा कि सोमवार को ईडी के बंगले का घेराव करने प्रदर्शनकारी अन्ना नगर से मशाल लेकर जा रहे थे। पुलिस ने कॅरियर कॉलेज चौराहे पर रोकना चाहा, लेकिन वह नहीं मानें। प्रबंधन की भलाई के लिए उन्होंने इन प्रदर्शनकारियों को रोका। इसके बाद भी प्रबंधन उनसे चर्चा नहीं कर रहा है। अब दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार वे प्रदर्शनकारियों को नहीं रोकेंगे।
व्यापारियों को भी किया जा रहा है परेशान
भेल व्यापारी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष केवल मिश्रा ने जानकारी दी कि भेल प्रबंधन व्यापारियों को परेशान कर रहा है। बिना किसी चेतावनी या जानकारी दिए एक-एक हजार रुपए की पेनल्टी लगाई जा रही है। दुकानों की मरम्मत नहीं करवाई जा रहीं और न ही मरम्मत करने की अनुमति दी जा रही है।
विश्वास सारंग ने दी भेल प्रबंधन को चेतावनी