- Hindi News
- एमबीबीएस छात्र ने पैसे लेकर पीएमटी में बिठाए ५० विद्यार्थी
एमबीबीएस छात्र ने पैसे लेकर पीएमटी में बिठाए ५० विद्यार्थी
नगर संवाददाता - भोपाल
स्पेशल टास्क फोर्स ((एसटीएफ)) ने पीएमटी-२०१२ में पैसे लेकर संजीव शिल्पकार के जरिए दाखिला कराने वाले वाले एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र सोनू पचौरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक पीएमटी-२०१२ और पीएमटी-२०१३ में अब तक ५० छात्र-छात्राओं को बिठा चुका है। एसटीएफ ने पूछताछ के लिए उसे ११ दिन की रिमांड पर लिया है।
मूलत: ग्राम मिहोना, भिंड निवासी सोनू पचौरी पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक फिलहाल उसे पीएमटी-२०१२ में हुई गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद पीएमटी-२०१३ में भी उसे गिरफ्तार किया जाएगा। एसटीएफ ने मंगलवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया। एसटीएफ ने उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। इसे मंजूर करते हुए अदालत ने सोनू को आठ फरवरी तक रिमांड पर भेजे जाने के निर्देश दिए। पता चला है कि सोनू उप्र से संजीव शिल्पकार को छात्र उपलब्ध करवाता था। एसटीएफ के अफसरों का दावा है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला पाने वाले छात्रों से उसने १४-१४ लाख रुपए लिए हैं, जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला पाने वाले छात्रों से १२-१२ लाख रुपए लिए गए हैं।
गिरफ्त में सोनू पचौरी
एसटीएफ ने सोनू के खिलाफ बीती १८ दिसंबर को तीन हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ को पीएमटी-२०१२, १३ में उसकी तलाश थी। उसके सभी संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद एसटीएफ ने यह ईनाम घोषित किया था। इसके अलावा कोलार रोड निवासी सुनील दुबे पर भी तीन हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जो अब भी फरार है।
तीन हजार रुपए का इनामी है सोनू
एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, संजीव शिल्पकार के जरिए कराता था एडमिशन
पीएमटी-२०१२ में चालान आज
पीएमटी-२०१२ में हुई गड़बड़ी के मामले में एसटीएफ बुधवार को चालान पेश करेगी। यह चालान फिलहाल १३ आरोपियों के खिलाफ पेश किया जा रहा है। इनमें डॉ. जगदीश सागर, संजीव शिल्पकार, तरंग शर्मा, पंकज त्रिवेदी, नितिन महिंद्रा, अजय सेन, चंद्रकांत मिश्रा, प्रदीप रघुवंशी, विकास सिंह, राजेश असरानी, रवीना असरानी के अलावा दो अन्य शामिल हैं।