बोहरा समाज में देखें रामराज्य
नगर संवाददाता - भोपाल
रामराज्य कहीं देखना हो तो वह बोहरा समाज में देखा जा सकता है। इस समाज में सभी से समानता का व्यवहार किया जाता है। यह समाज के धर्मगुरु मरहूम डॉ. सैयदना बुरहानुद्दीन साहब द्वारा दी गई शिक्षा व सीख का ही नतीजा है।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे दाउदी बोहरा समाज द्वारा मंगलवार रात अलीगंज स्थित हैदरी मस्जिद में आयोजित सैयदना साहब की श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे। नगर निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने घोषणा की कि शहर की किसी एक सड़क का नाम सैयदना साहब के नाम पर रखा जाएगा। समाज के आमिल जोहेर अमानत अली, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव समेत कई नेताओं व धर्माचार्यों ने भी सैयदना साहब के जीवन पर प्रकाश डाला। चौहान ने कहा कि वे जल्द ही समाज के लोगों के साथ मुंबई जाकर सैयदना साहब के उत्तराधिकारी बेटे शेख मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से भोपाल आने का आग्रह करेंगे।
इस मौके पर नगर निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने कहा कि भोपाल की किसी एक सड़क का नाम सैयदना साहब के नाम पर रखा जाएगा। इस संबंध में वे परिषद् की आगामी बैठक में प्रस्ताव रखेंगे। सभा में मुफ्ती अब्दुल रज्जाक, शेख मुर्तजा अली, डा. तैयब सैफी, मंत्री बाबूलाल गौर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर नीखरा, विधायक विश्वास सारंग,सुरेंद्र नाथ सिंह, आरिफ अकील, रामेश्वर शर्मा, पीसी शर्मा, रमेश शर्मा गुट्टू, आरिफ मसूद, आरिफ बेग, सै. साजिद अली, कमरूद्दीन दाउदी, ज्ञानी दलीप सिंघ व ललित जैन आदि ने सैयदना साहब को श्रद्वाजंलि दी।
डॉ. सैयदना बुरहानुद्दीन साहब को श्रद्धांजलि देने के लिए अलीगंज स्थित हैदरी मस्जिद में आयोजित सभा में मौजूद दाउदी बोहरा समाज के सदस्य। फोटो - भास्कर
सैयदना साहब की श्रद्धांजलि सभा में बोले सीएम