- Hindi News
- ट्रक मालिक ने ही चोरी कराई थी २५ लाख रुपए की सुपारी
ट्रक मालिक ने ही चोरी कराई थी २५ लाख रुपए की सुपारी
नगर संवाददाता - भोपाल
गौतम नगर इलाके से एक महीने पहले गायब हुए सुपारी से भरे ट्रक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। ट्रक में 25 लाख की सुपारी भरी थी। ट्रक मालिक ने ड्राइवर के साथ मिलकर ट्रक को गायब कर सुपारी एक व्यापारी को बेच दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी नार्थ अरविंद सक्सेना के अनुसार इतवारा निवासी इसरार उल हक ने 16 दिसंबर को बेंगलुरु से गाजियाबाद के लिए 261 बोरे सुपारी अपने ट्रक में भरवाई थी। 27 दिसंबर को इसरार ने सुपारी व्यापारी विद्यासागर को बताया कि ट्रक खराब हो गया है। वह छोला विश्रामघाट के पास सुधर रहा है। बाद में इसरार ने बताया कि ट्रक चोरी हो गया है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट के मैनेजर योगेश जैन की शिकायत पर केस दर्ज किया था। पूछताछ में इसरार ने पुलिस को बताया कि उसने ड्राइवर कमलेश शाक्य के साथ मिलकर सुपारी चौकसे नगर निवासी राहुल गुप्ता को आठ लाख रुपए में बेच दी थी।
184 बोरा गेहूं बरामद : सक्सेना ने बताया कि 23 नवंबर को बैरसिया में गेहूं से भरा ट्रक चोरी हो गया था। जांच में पता चला कि ललरिया निवासी हसीब खान और मुबारिक खां ट्रक चुराकर उसे ग्राम भौरासा लाए थे। उन्होंने इकबाल खां, वसीम उर्फ लल्लू, वसीम, अजहरुद्दीन, शकील, भूरा खां की मदद से ट्रक में भरे गेहूं को खाली कर उसके बारदाने को जला दिया था। आरोपियों ने यह गेहूं मोहन यादव और संजय पाल की मदद से किसान ट्रेडर्स के मालिक पंकज साहू एवं जमना ट्रेडर्स के मालिक अनूप माहेश्वरी को बेच दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर गेहूं बरामद कर लिया है।