- Hindi News
- पंकज त्रिवेदी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
पंकज त्रिवेदी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
नगर संवाददाता - भोपाल
व्यापमं के पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. पंकज त्रिवेदी के इंदौर और भोपाल स्थित मकानों पर बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने छापे मारे। देर रात तक पुलिस ने त्रिवेदी की तीन करोड़ रुपए की संपत्ति का पता चलने का दावा किया है। संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के लिए टीम ने त्रिवेदी के बड़े भाई एवं राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति पीयूष त्रिवेदी के इंदौर व भोपाल स्थित मकानों पर भी सर्चिंग की, जहां से व्यापमं से जुड़े दस्तावेज मिलने का भी पता चला है।
लोकायुक्त एसपी वीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक बुधवार सुबह इंदौर और भोपाल स्थित त्रिवेदी के चारों ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। टीम सुबह करीब छह बजे त्रिवेदी के इंदौर के विनय नगर स्थित निवास पर जब पहुंची तो वहां उनकी पत्नी अर्चना व मां मिलीं। सर्च वारंट दिखाने के बाद टीम ने कार्रवाई शुरू की। इस दौरान टीम को विनय नगर में दो मकान, जमीन, प्लॉट के दस्तावेज मिले। इसके अलावा टीम को इंदौर में बायपास स्थित एक्रोपॉलिस इंस्टीट्यूट में पंकज, पिता नटवरलाल व भाभी वंदना की पार्टनरशिप से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। शेष - पेज 15 पर
इसके बाद टीम ने पंकज का बैंक ऑफ पंजाब स्थित लॉकर खंगाला। इसमें ढाई लाख रुपए के सोने के व पांच हजार रुपए कीमत के चांदी के जेवर मिले हैं। इसी के साथ विनय नगर से एसटीएफ द्वारा 25 लाख रुपए नकद जब्ती के दस्तावेज भी मिले।
व्यापमं से जुड़े दस्तावेज भी किए जब्त
सूत्रों के मुताबिक टीम ने पीयूष त्रिवेदी के 74 बंगले स्थित शासकीय निवास से व्यापमं से जुड़े कुछ दस्तावेज भी जब्त किए हैं। हालांकि, टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी बीएस परिहार के मुताबिक इस दौरान मिले हर दस्तावेज का परीक्षण किया जाएगा।
चार महीने से थी नजर
व्यापमं की परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप में एसटीएफ ने बीते साल 27 सितंबर को पंकज त्रिवेदी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही लोकायुक्त की टीम ने पंकज की संपत्ति की पड़ताल करना शुरू कर दी थी। तथ्य मिलने और एक गुप्त शिकायत के बाद सोमवार को लोकायुक्त की इंदौर यूनिट ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया। मंगलवार को अदालत से अनुमति मिलने के बाद बुधवार तड़के यह कार्रवाई की गई।
पहले जताई हैरानी फिर किया सहयोग
लोकायुक्त की दूसरी टीम मंगलवार रात को ही भोपाल पहुंच चुकी थी। भोपाल यूनिट के दो इंस्पेक्टर्स को साथ लेकर टीम पीयूष त्रिवेदी के 74 बंगले स्थित निवास पर बुधवार सुबह करीब छह बजे पहुंची। पता चला था कि पंकज की संपत्ति से जुड़े कुछ दस्तावेज उनके भाई के घर भी हो सकते हैं। यहां उनकी पत्नी वंदना और बेटा मिले। दोनों ने लोकायुक्त की टीम को देखकर पहले तो हैरानी जताई फिर कार्रवाई में सहयोग करना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद एक बैठक में शामिल होने दिल्ली गए पीयूष भी घर लौट आए। दोपहर करीब सवा 12 बजे टीम वंदना को साथ लेकर इंदौर लौट गई।
पंकज की पत्नी को लेकर भोपाल लाए
लोकायुक्त की एक टीम इंदौर से पंकज की पत्नी अर्चना को साथ लेकर चार इमली स्थित बंगले पर पहुंची। टीम ने यहां बुधवार सुबह ही ताला लगा दिया था। अर्चना के सामने इसे खोलकर टीम अंदर दाखिल हुई और यहां से करीब 15 लाख की संपत्ति के कागजात जब्त किए हैं। इनमें एक कार, एक बाइक और घर का सामान शामिल है।
कोट्स:
-----
मैं इस बारे में कुछ नहीं बोलूंगी, हमें न्याय प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। अदालत में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।
- अर्चना त्रिवेदी, पंकज त्रिवेदी की पत्नी