- Hindi News
- कियोस्क से डुप्लीकेट बिजली बिल भी निकाल सकेंगे
कियोस्क से डुप्लीकेट बिजली बिल भी निकाल सकेंगे
नगर संवाददाता - भोपाल
डुप्लीकेट बिल के लिए अब आपको बिजली कंपनी के किसी कर्मचारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आप कंपनी के कस्टमर केयर सेंटर पर लगी कियोस्क मशीन से डुप्लीकेट बिल ले सकेंगे।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सिटी सर्कल ने आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट के तहत 12 लाख रुपए कीमत की यह मशीन गोविंदपुरा स्थित कस्टमर केयर सेंटर में लगाई है। यहां शहर के किसी भी इलाके के बिजली उपभोक्ता बिल जमा करने से लेकर बिजली संबंधी शिकायत भी कर सकेंगे। कुछ अन्य सेंटरों पर भी ऐसी मशीनें लगाई जाएंगी। इस मशीन से डुप्लीकेट बिल निकलवाने के लिए आपको दस अंकों के नए सर्विस नंबर यानि बिजली उपभोक्ता क्रमांक की जरूरत होगी। शहर में अभी ऐसे नंबर दक्षिण संभाग यानी नए भोपाल के उपभोक्ताओं को ही मिले हैं।
पूरे शहर के उपभोक्ताओं को ऐसे नंबर देने का काम जारी है।
यह होगी प्रक्रिया
गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल गेट जोन के मैनेजर अंकित पालीवाल ने बताया कि उपभोक्ता को पहले मशीन पर स्टार्ट का बटन दबाना होगा फिर दस अंकों का सर्विस नंबर एंटर करना होगा। ऐसा करते ही स्क्रीन पर आपका बिल डिस्प्ले हो जाएगा। यदि आपको प्रिंट चाहिए तो मशीन पर प्रिंट का ऑप्शन आएगा, जिसे दबाने पर आपको डुप्लीकेट बिल का प्रिंट मिल जाएगा। डुप्लीकेट बिल के लिए अभी उपभोक्ताओं को बिजली दफ्तरों में ही जाना पड़ता है। इसमें समय बहुत लगता है।
कस्टमर केयर सेंटर पर लें टोकन : कंपनी ने इसी सेंटर पर उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए रेलवे की तर्ज पर तीन लाख रुपए लागत वाली एक टोकन डिस्पेंसर मशीन भी लगाई है। इसके जरिए आप टोकन लेकर सेंटर पर शिकायत कर सकेंगे या बिजली बिल जमा कर सकेंगे। इससे आपको यह फायदा होगा कि यदि सेंटर पर भीड़ है तो जिनके पास टोकन रहेगा, उनका नंबर पहले आएगा।