- Hindi News
- प्रभात फेरी में भीड़ नहीं दिखी तो बिफरे अरुण
प्रभात फेरी में भीड़ नहीं दिखी तो बिफरे अरुण
विशेष संवाददाता - भोपाल
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रभात फेरी में मुठ्ठी भर कांग्रेसी ही पहुंचे। नेताओं की कम संख्या देख कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव बिफर गए। यादव की नाराजगी के बाद नेताओं ने दौड़-धूप की और अन्य कार्यक्रमों में भीड़ नजर आने लगी। लिली टॉकीज से पुरानी विधानसभा तक आयोजित प्रभात फेरी सुबह पौने आठ बजे आयोजित होना थी। लेकिन उस समय कोई आठ-दस नेता ही लिली टॉकीज तक पहुंचे। करीब आधे घंटे इंतजार के बाद भी कोई दो दर्जन नेता जुट पाए। उसके बाद प्रभात फेरी शुरू हो पाई। इतनी कम भीड़ देख कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने नाराजगी जताई। दोपहर पीसीसी में आयोजित संगोष्ठी में मंच पर बैठने का मौका नहीं मिलने पर कुछ नेता उठ कर चले गए। इसके बाद दोपहर में रेडक्रास अस्पताल में हुए फल व कंबल वितरण में बड़ी संख्या में युवा पहुंच गए। शाम को भजन, कैंडल मार्च, स्मरण सभा आदि में भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय बाद शहीद दिवस पर कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से कई कार्यक्रम किए। दिल्ली में इंडिया गेट पर हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था भी की गई। प्रभात फेरी और भजन कार्यक्रम का जिम्मा जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा को सौंपा था। फल व कंबल वितरण की जिम्मेदारी मनोज शुक्ला के पास और पीसीसी में संगोष्ठी की व्यवस्था प्रदेश पदाधिकारियों के जिम्मे थी। युवा कांग्रेस के संजय वर्मा, मोनू सक्सेना के साथ वहीद लश्करी और ईश्वरसिंह चौहान को रोशनपुरा पर कैंडल मार्च की जिम्मेदारी दी गई थी।
ञ्चमहात्मा गांधी की पुन्यतिथि पर कांग्रेस ने किए कई कार्यक्रम