पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कटारे ने लौटाया सरकारी वाहन

कटारे ने लौटाया सरकारी वाहन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विशेष संवाददाता - भोपाल
सरकारी बंगला और स्टाफ नहीं मिलने से नाराज नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने उन्हें मिला वाहन और विधानसभा के कर्मचारियों को लौटा दिया है। कटारे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि उनके द्वारा व्यापमं घोटाले को मुद्दा बनाने के कारण राजनीतिक द्वेषता के कारण उनके साथ प्रशासनिक असहयोग किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कटारे ने कहा कि मुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष को गुमराह कर रहे हैं तो आम जनता की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। नेता प्रतिपक्ष ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि यदि सरकार ऐसा सोचती है कि इस तरह के असहयोग से हम सरकार के घोटालों के खिलाफ लडऩा बंद कर देंगे तो यह सरकार की भूल है।
विधानसभा में मांगा था पानी का गिलास : विधानसभा सत्र के दौरान कटारे ने विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा से अनुरोध किया था कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनकी टेबल पर पानी का गिलास भी रहे। उन्होंने विधायकों की सुविधा के लिए सदन के भीतर मौजूद रहने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भी उनके करीब खड़े रहने के निर्देश देने को कहा था, ताकि उन्हें कर्मचारी को बुलाने के लिए आवाज नहीं लगाना पड़े। कटारे ने इसके साथ ही उन्हें आवंटित वाहन से लालबत्ती हटाने को भी कहा था। कटारे बिना लालबत्ती का वाहन ही इस्तेमाल कर रहे थे।
पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा का बंगला चाहते थे कटारे : बताया जाता है कि कटारे 74 बंगला क्षेत्र में पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा को आवंटित बंगला नंबर बी-11 को स्वयं के लिए आवंटित कराना चाहते थे। शर्मा ने अभी यह बंगला लौटाया नहीं है और सरकार इसे महिला एवं बाल विकास मंत्री माया सिंह को आवंटित करने जा रही है।
बंगले और गाड़ी के चक्कर में ही निपटी है कांग्रेस : विजयवर्गीय : नेता प्रतिपक्ष के इस कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कटारे उनके अच्छे मित्र हैं। वे उन्हें सलाह देना चाहते हैं कि कहां बंगला, गाड़ी और स्टाफ के चक्कर में पड़े हो। कांग्रेस इसी चक्कर में निपटी है, आप तो जनता की तरफ ध्यान दो।



सत्यदेव कटारे

जमुना देवी ने भी लौटाया था वाहन

2008 के विधानसभा चुनाव के बाद दोबारा नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद जमुना देवी ने भी वाहन लौटा दिया था। जमुना देवी के करीबी रहे कांग्रेस नेता विजयशंकर दीक्षित ने बताया कि खटारा वाहन आवंटित होने से नाराज होकर उन्होंने उसे लौटा दिया था। उसके बाद सरकार के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्होंने सरकारी वाहन नहीं लिया।



बंगला और स्टाफ नहीं मिलने से नाराजगी में उठाया कदम