- Hindi News
- मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे, मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भी बनाई दूरी
मुख्यमंत्री नहीं पहुंचे, मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भी बनाई दूरी
विशेष संवाददाता - भोपाल
भाजपा युवा मोर्चा के राज्य स्तरीय सम्मेलन में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुट पाई। मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि इसमें 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन आधे से ज्यादा कुर्सियां खाली रहीं। उन्होंने यह भी कहा कि सामंजस्य की कमी के कारण ऐसा हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, जबकि संगठन की ओर से पहले कहा गया कि मुख्यमंत्री एक बजे आएंगे। बाद में कहा गया कि साढ़े तीन बजे पहुंचेंगे, लेकिन वे नहीं आए।
लालपरेड मैदान में गुरुवार को हुए इस सम्मेलन में मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों और वार्ड संयोजकों बुलाया गया था। प्रदेश में इनकी संख्या 12 हजार से अधिक है, लेकिन आधे भी नहीं आए। पार्टी उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संगठन महामंत्री अरविंद मेनन, मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी मुरलीधर राव, विश्वास सारंग, राहुल कोठारी और मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य ने कार्यक्रम की शुरुआत की।
पुरस्कार बंटे : सम्मेलन में मुख्यमंत्री क्रिकेट चैंपियनशिप प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इससे पहले तोमर ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनानी है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। मुरलीधर राव ने कहा कि फेसबुक पर सक्रिय होकर मोदी पर जितना लिख सकते हैं लिखें।
सम्मेलन फ्लॉप -अग्रवाल : प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने युवा मोर्चा के सम्मेलन को फ्लॉप करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं को जोडऩे के लिए किया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
भाजपा युवा मोर्चा के राज्य स्तरीय सम्मेलन में नहीं जुटी भीड़