- Hindi News
- हथियारबंद बदमाशों ने पिता पुत्र पर किया फायर, पिता घायल
हथियारबंद बदमाशों ने पिता-पुत्र पर किया फायर, पिता घायल
भास्कर संवाददाता - आंतरी
आंतरी थानांतर्गत शीतला माता मंदिर रोड पर शिवनगर के पास बुधवार को शाम करीब 5 बजे ग्वालियर से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे पिता-पुत्र पर तीन हथियार बंद बदमाशों ने हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने बंदूक से फायर भी जिससे पिता के पैर और पीठ में छर्रे लगने से वह घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गोली चलाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हालांकि बदमाश कौन थे इसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ाकर निवासी रामजी सिंह ((55)) और उनका पुत्र हीरासिंह बुधवार को किसी काम से ग्वालियर गए थे। शाम को करीब पांच बजे वह दोनों बाइक से अपने गांव गढ़ाजर लौट रहे थे, तभी शीतला मंदिर रोड पर शिवनगर के पास तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक चला रहे उनके पुत्र हीरासिंह ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने फायर कर दिए। जिससे बाइक पर पीछे बैठे रामजी सिंह के पैर और पीठ में छर्रे लगे और वह घायल हो गए। वहीं बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर टीआई उमेश मिश्रा मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। छर्रे लगने से घायल हुए रामजी को इलाज के लिए ग्वालियर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
दुकान के शटर का ताला तोड़कर लैपटॉप व मोबाइल ले गए चोर: चंदन पुत्र सुरेशचंद्र शाक्य निवासी रामपाल कॉलोनी ने डबरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि रात के समय अज्ञात चोर उसकी दुकान के शटर में लगा ताला तोड़कर दुकान में रखे तीन मोबाइल, एक लैपटॉप सहित अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
खेत से मटर तोडऩे से मना किया तो महिला को पीटा: विनीता जाटव ((25)) पत्नी कल्लू जाटव निवासी सकतपुरा पिछोर ने बुधवार की शाम जब गांव में रहने वाले रूकेश जाटव व मनोज जाटव को खेत से मटर तोडऩे से मना किया तो दोनों ने उसकी मारपीट कर दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया।