पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर. बेला की बावड़ी पर ट्रक ड्राइवरों से एंट्री के नाम पर पुलिसकर्मी अवैध वसूली कर रहे हैं। यह शिकायत आने के बाद पुलिस अफसरों ने एक ट्रक ड्राइवर को मोबाइल फोन देकर भेजा और इसके जरिए पुलिसकर्मियों का स्टिंग ऑपरेशन करा लिया। स्टिंग ऑपरेशन में एंट्री के नाम पर दो सौ रुपए ट्रक ड्राइवर से लेने वाले दो होमगार्ड सैनिक और दो पुलिस कर्मी फंस गए। स्टिंग में फंसने के तुरंत बाद दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया, जबकि होमगार्ड सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
हाईवे से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जा रहा ट्रक मंगलवार की रात को बेला की बावड़ी से गुजर रहा था। यहां पुलिस कंट्रोल रूम वैन में तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रक ड्राइवर से दो सौ रुपए मांगे। इस पर इनकी आपस में झड़प हो गई। एक पुलिसकर्मी ने ट्रक ड्राइवर के सिर पर डंडा मार दिया और ट्रक को बायपास से वापस कर दिया। ट्रक ड्राइवर ने यहां से निकलने के बाद शांतिदूत सेल ((0751-2363636)) पर फोन करके पूरी बात बताई।
शांतिदूत ने यह जानकारी आला अफसरों को दी। शिकायत सही है या झूठी, इसकी जांच डीएसपी ट्रैफिक अजय त्रिपाठी को सौंपी गई। श्री त्रिपाठी ने ट्रक ड्राइवर के फोन नंबर पर बात की तो उसने अपनी शिकायत दोहराई। इस पर श्री त्रिपाठी ट्रक ड्राइवर के पास पहुंचे। यहां उसे एक मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग करने के लिए दे दिया। साथ ही, उसके साथ एक पुलिस जवान सादा कपड़ों में भेज दिया। यहां ट्रक ड्राइवर ने पुलिस कंट्रोल रूम वैन में तैनात पुलिसकर्मियों को दो सौ रुपए दिए, इस दौरान मोबाइल फोन पर कॉल आ गया और रिकॉर्डिंग नहीं हो पाई।
ट्रक ड्राइवर गिड़गिड़ाया, बात हो गई रिकार्ड
ट्रक ड्राइवर को कुछ डायलॉग श्री त्रिपाठी ने तैयार करके दिए कि वह पुलिसकर्मियों के पास जाकर गिड़गिड़ाएगा और कहेगा कि उसके पास एक भी रुपया नहीं बचा है और भूख लगी है, वह दो सौ में से सौ रुपए वापस कर दें। यह रुपए वह अगले चक्कर में लौटा देगा। यह रुपए मांगने पहुंचा तो हिस्से को लेकर पुलिसकर्मी आपस में झगड़ गए। एक पुलिसकर्मी सौ रुपए लेकर भाग गया लेकिन दूसरे पुलिसकर्मी ने उसे सौ रुपए दे दिए।
यहां लेनदेन की बात भी रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद डीएसपी श्री त्रिपाठी ने उसे पकड़ लिया। यह कंपू थाने का सिपाही जितेंद्र सिंह था। इसके बाद पुलिस लाइन के सिपाही राजेश और होमगार्ड सैनिक नवल गड़रिया को भी पकड़ लिया लेकिन यहां से होमगार्ड सैनिक मदन मोहन भाग निकला। राजेश को जिस समय पकड़ा वह शराब के नशे में धुत था। इसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, होमगार्ड सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा
बेला की बावड़ी पर पीसीआर वैन में तैनात जवानों के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इस पर शिकायत करने वाले ट्रक ड्राइवर से मोबाइल फोन के जरिए स्टिंग ऑपरेशन कराया गया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है, जबकि होमगार्ड सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
अजय त्रिपाठी, डीएसपी, ट्रैफिक
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.