पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क किनारे की प्रॉपर्टी २०\' तक महंगी

सड़क किनारे की प्रॉपर्टी २०\' तक महंगी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर. प्रॉपर्टी के कारोबार में मंदी का इस बार पूरा ख्याल रखा जा रहा है। शहरी क्षेत्र में कुछ जगहों को छोड़कर जमीन के दाम पहले जैसे ही रखे गए हैं। डबरा-भितरवार में बढ़ोतरी बीस फीसदी तक है। मुख्यमार्गों के गांवों में भी 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी होगी। इस तरह की रिपोर्ट ग्वालियर, डबरा व भितरवार की उप मूल्यांकन समितियों ने तैयार कर ली है।

वर्ष 2014-15 के लिए गाइड लाइन बनाने का काम 15 जनवरी से चालू हो गया है। पहला चरण तीन एसडीएम की अध्यक्षता वाली उप मूल्यांकन समितियों को पूरा करना है। इनके द्वारा ड्राफ्ट फाइनल कर पंजीयन विभाग को सौंप दिए गए हैं। भितरवार की समितियों ने एवरेज 15 फीसदी, जबकि डबरा की समिति ने 20 फीसदी तक वृद्धि प्रस्तावित की है। शहरी क्षेत्र की समिति ने बहुत कम क्षेत्रों में वृद्धि की है। अधिकतर क्षेत्रों में पहले की तरह ही दरें प्रस्तावित की गई हैं। तीनों समितियों ने मुख्य मार्गों ((इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल)) से लगे गांवों में कीमत बढ़ाने पर ज्यादा जोर दिया है।

यहां पर हो सकता है सुधार

उप मूल्यांकन समिति ने बाड़ा व एक दो अन्य क्षेत्रों में ही आंशिक बढ़ोतरी प्रस्तावित की है। पंजीयन विभाग के सर्वे के मुताबिक विनयनगर, आनंद नगर, गांधी मार्केट ((नया प्लान तैयार होने के कारण)), माधव प्लाजा, कलेक्टोरेट का क्षेत्र, चेतकपुरी व माधवनगर जैसे क्षेत्रों में भी बढ़ोतरी जरूरी है। अभी यहां पर भाव पुराने ही रखे गए हैं पर इन क्षेत्रों में नए रेट को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली कमेटी निर्णय ले सकती है।

डबरा में और बढ़ सकते हैं रेट

उप मूल्यांकन समिति डबरा ने ग्वालियर-झांसी रोड सहराई व तिघरू में 40 फीसदी वृद्धि रखी है। तर्क यह है कि यहां पर बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-फरोख्त हो रही है। शुगर मिल व वार्ड 14-15 के कुछ हिस्सों में भी 20 से 40 फीसदी बढ़ोतरी हो सकती है।

यहां 15 फीसदी तक बढ़ोतरी

: एनएच-3 से सटे गांव सिकरौदा, सिकरौदी, नागौर, तिलेथा जागीर, कुश राजपुर, पिपरौली, पुरासानी, सातऊ, छोंड़ा, नयागांव, नौगांव, रायपुर कला, पनिहार, घाटीगांव, सिरसा, धनेली, जीवाजी पुर, चराई, रेहट, चराई श्यामपुर, दौरार व मोहना।
: वन ग्राम सिमरिया, बरई व रौरा।
:एनएच-75 से लगे गांव लखनौती कला, बरौआ नूराबाद, दौलतपुर, मुरार से लगा कुछ क्षेत्र, लखनौती खुर्द, खैरिया मिर्धा, वीरमपुरा, करगंवा, लक्ष्मणगढ़, खुरैरी, शेखुपुरा, खैरिया मोदी, गुठीना, रमौआ, सुसेरा, अडुपुरा जागीर, मोहनपुर, मेहरा, नैनागिर, बरैठा व सिरौल।

जिला मूल्यांकन समिति लेगी निर्णय

उप मूल्यांकन समितियों के प्रस्ताव पर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला मूल्यांकन समिति अंतिम निर्णय लेगी। इस समिति की बैठक अगले सप्ताह होगी पर इससे पहले पंजीयन विभाग, उप मूल्यांकन समिति के प्रस्तावों पर होमवर्क करेगा। चूंकि इस बार केंद्रीय मूल्यांकन समिति (महानिरीक्षक पंजीयन की अध्यक्षता वाली) पहले ही गाइड लाइन तय कर चुकी है इसलिए सबसे अहम रोल जिला मूल्यांकन समिति का ही रहेगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में वे उप मूल्यांकन समिति के प्रस्ताव बदल भी सकते हैं।


अधिकतर हिस्सों में सामान्य वृद्धि होगी
जिला मूल्यांकन समिति की बैठक बहुत जल्द होगी। इस बार अधिकतर हिस्सों में सामान्य वृद्धि ही होगी। बहुत जरूरी होने पर ही सामान्य से कुछ ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है।
पी. नरहरि, कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला मूल्यांकन समिति