पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर. बेमौसम बरसात के कारण बुधवार को भी शहर का जनजीवन प्रभावित रहा। लोग घरों में ही सिमटे रहे और जरूरी काम से ही बाहर निकले। बारिश ने ठंड को और तीखा कर दिया है। जैसी ठंड रात में, वैसी ही दिन में। बारिश से उकताए लोग अब सूरज निकलने की कामना कर रहे हैं। दिनभर बारिश के बाद रात में कोहरा बरसा।
स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राएं व दफ्तरों में कर्मचारी बारिश में भीगते हुए पहुंचे। कुछ ने छाता व रेनकोट से खुद को भीगने से तो बचा लिया लेकिन ठंड के असर से नहीं बच सके। बाइक या स्कूटर से आफिस जाने वालों ने बारिश से बचने के लिए टेंपो या ऑटो का सहारा लिया। घरों में लोगों के सामने कपड़े सुखाने की समस्या पैदा हो गई है। दो दिन से हो रही बारिश के कारण धुले कपड़े नहीं सूख पा रहे हैं। कई घरों में तो कपड़े फैलाने के लिए जगह भी नहीं बची है। छतों पर रखी टंकियों का पानी बर्फ की तरह ठंडा हो गया है। इतना ठंडा कि इससे मुंह भी न धोया जा सके।
बाजारों में नहीं दिखे ग्राहक: बारिश के चलते चाय, समोसे, पकौड़ी की दुकानों पर भीड़ लगी रही। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। कई दुकानदारों ने तो दोपहर बाद दुकानें खोलीं। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे-बैठे आपस में गपशप मारते रहे। नजरबाग मार्केट, गांधी मार्केट, टोपी बाजार जहां दिन में महिलाओं की भीड़ होती है, सन्नाटा पसरा था।
कार्यालयों में कपड़े सुखाते रहे कर्मचारी: सरकारी कार्यालयों में बारिश के चलते दिनभर काम का माहौल नहीं रहा। कर्मचारी दोपहर 12 बजे के बाद कार्यालय पहुंचे तो कोई कपड़े सुखाने लगा तो कोई हीटर के सामने बैठकर खुद को गरम कर रहा था। कार्यालय में काम कराने आने वाले लोग भी कम दिखे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.