पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • छात्रों का सस्पेंशन हो सकता है खत्म

छात्रों का सस्पेंशन हो सकता है खत्म

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - ग्वालियर
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के संदिग्ध छात्रों का सस्पेंशन समाप्त हो सकता है। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद प्रमुख सचिव ने डीन से संदिग्ध छात्रों के बारे में कुछ जानकारी मांगी है। इसमें से जानकारी भोपाल भेज दी गई है, शेष गुरुवार को भेज दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिन में चिकित्सा शिक्षा विभाग इन छात्रों के सस्पेंशन को वापस लेने संबंधी आदेश जारी कर सकता है।
पीएमटी फर्जीवाड़े का मामला विधानसभा में उठने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश पर डीन ने जीआरएमसी के संदिग्ध छात्रों को सस्पेंड कर दिया था। इसके विरोध में नौ दिन से छात्र कॉलेज परिसर में क्रमिक अनशन और धरने पर बैठे हैं। छात्रों ने इस मामले में न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया है। बीते रोज भोपाल में छात्रों का एक प्रतिनिधि मंडल चिकित्सा मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिला था। छात्रों ने जांच कमेटी द्वारा फर्जी छात्रों की जगह निर्दोष छात्रों को फंसाने का आरोप लगाया था। छात्रों ने यह तक कहा था कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लिहाजा उनका सस्पेंशन खत्म कर परीक्षा दिलाने के आदेश जारी किए जाएं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि प्रमुख सचिव से यह मामला देखने को कहा है।
छात्रों का धरना ९वें दिन भी जारी
छात्रों का धरना नौवें दिन भी जारी रहा। बारिश होने के बाद भी छात्र क्रमिक अनशन और धरने पर बैठे रहे। हालांकि डीन ने पुन: छात्रों को धरना समाप्त करने की समझाइश दी।
यूनिवर्सिटी को लिखा पत्र: डीन ने जीवाजी यूनिवर्सिटी को पत्र लिखकर पूछा है कि सस्पेंड चल रहे छात्रों से अंडर टेकिंग लेकर क्या परीक्षा दिलाई जा सकती है। इस संबंध में उन्होंने लीगल एडवाइजर से भी पूछा है।