पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कहने को 60 फीट है पर आने जाने को 30 भी नहीं

कहने को 60 फीट है पर आने-जाने को 30 भी नहीं

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर. इंदरगंज चौराहे को सड़क के बीच में बने रोटरी नुमा पार्क और सड़क किनारे की अव्यवस्थित पार्किंग ने ट्रैफिक जाम जोन बना दिया है। चौराहे के आसपास तीन तरफ लगभग 60 फीट चौड़ी सड़क है और एक तरफ 100 फीट चौड़ी सड़क, लेकिन इस सड़क पर वाहन चालकों को सिर्फ तीस-चालीस फीट ही सड़क मिल पाती है।

आठ महीने पहले कलेक्टर पी. नरहरि ने इस चौराहे का जायजा लेने के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए अतिक्रमण हटाने या फिर पार्क की चौड़ाई कम करने की सलाह दी थी। हालांकि ट्रैफिक प्रबंधन संभालने वालों का कहना है कि इस चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ गया है कि यहां पर रोटरी की जरूरत ही नहीं है, लेकिन अगर इसे ज्यादा छोटा कर दिया गया तो और भी खतरनाक हो सकता है।

बना ली अपनी पार्किंग : इंदरगंज थाने के सामने नगर निगम ने आम लोगों के लिए पार्किंग बनाई थी, लेकिन इस पार्किंग पर थाने की पुलिस ने कब्जा कर लिया। नगर निगम ने पार्किंग का जो साइन बोर्ड लगाया था उस पर स्टाफ पार्किंग लिखवा दिया गया तथा रेलिंग भी लगवा दी है। ऐसे में यहां पर पुलिसकर्मियों के वाहन तीन पंक्तियों में रखे जाते हैं और आधी सड़क तक पहुंच जाते हैं।

यह हो रही परेशानी

> इंदरगंज से आने वाले वाहनों को चौराहे पर टर्न होने के लिए लगभग पचास फीट जगह मिल जाती है, लेकिन जैसे ही ये घूमकर इंदरगंज थाने के सामने पहुंचते हैं तो पार्क और थाने के सामने रखे वाहनों की वजह से जगह कम रह जाती है।यहां पर वाहन टकराने का अंदेशा रहता है और ट्रैफिक भी जाम रहता है।

> अचलेश्वर रोड की ओर से आने वाले वाहनों के साथ भी यही स्थिति रहती है। ये जैसे ही इंदरगंज थाने के सामने पहुंचते हैं दाल बाजार की ओर से आने वाले वाहनों से इनके टकराने का खतरा रहता है।

> पार्क के चारों ओर वाहन खड़े होने और पार्किंग के बाहर तक वाहन खड़े होने की वजह से सड़क पर चलने वाले वाहनों के लिए जगह कम हो जाती है।