- Hindi News
- हाथ धोए, जेवरात समेटे फिर ठंड लगी तो शॉल ओढ़ निकल गए
हाथ धोए, जेवरात समेटे फिर ठंड लगी तो शॉल ओढ़ निकल गए
नगर संवाददाता. ग्वालियर
हर्ष नगर में चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपए का सामान पार कर दिया। घटना गुरुवार रात की है। इसका पता शुक्रवार को लगा। चोरों ने हाथ धोकर अलमारी और लॉकरों के ताले खोले, ताकि फिंगर प्रिंट न मिल पाएं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हर्ष नगर में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक रामअवतार मिश्रा दिल्ली में बेटे से मिलने गए थे। शुक्रवार की सुबह इनकी बेटी घर की देखरेख करने पहुंचीं तो घर के ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत विश्वविद्यालय थाने की पुलिस को दी। इसके बाद घटना स्थल पर टीआई एसके सक्सेना के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी पहुंच गए। प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि इनमें एक चोर की अंगुलियां पतली रही होंगी तथा इसकी उम्र कम होगी। चोरों ने जिन कमरों के ताले तोड़े, उनके बाहर अपने हाथ धोए, ताकि फिंगर प्रिंट ठीक से न आ पाएं। हालांकि कुछ स्थानों पर इनके फिंगर प्रिंट मिल गए, जबकि कुछ जगह हाथ गीले होने की वजह से केवल धब्बे ही मिल पाए।