- Hindi News
- सीट पर स्टाफ न देख कुलपति ने डलवा दिया मेनगेट पर ताला
सीट पर स्टाफ न देख कुलपति ने डलवा दिया मेनगेट पर ताला
नगर संवाददाता. ग्वालियर
जीवाजी यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने शनिवार को प्रशासनिक भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी अनुपस्थित मिले। इससे नाराज कुलपति ने प्रशासनिक भवन के मेनगेट पर ताला डलवा दिया। उन्होंने रजिस्ट्रार और रेक्टर को हिदायत दी कि वे स्टाफ की लेटलतीफी पर अंकुश लगाएं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कुलपति को निरीक्षण के दौरान अधिकारी-कर्मचारी गैरहाजिर मिले थे, उन्होंने रजिस्ट्रार को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं की गई।
कुलपति शनिवार सुबह 10:40 बजे प्रशासनिक भवन पहुंचीं। इस समय तक कई कर्मचारी और अधिकारी ऑफिस में नहीं आए। खाली कमरे देखकर कुलपति ने नाराजगी जताते हुए दोनों गेट पर ताला डलवा दिया। कुलपति ने रजिस्ट्रार प्रो. आनंद मिश्रा और रेक्टर प्रो. आरजे राव से लेटलतीफ कर्मचारी, अधिकारियों पर सख्ती से अंकुश लगाने को कहा। सुबह 11 बजे ताले खोल दिए गए। इसके बाद देर से आए अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी सीट पर पहुंचे। देर से आने वालों को हिदायत दी गई कि वे अब देर से आएंगे तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति के आदेश पर प्रशासनिक भवन के गेट पर लगा ताला।