भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
नगर संवाददाता. ग्वालियर
गुरु वंदना से शुरू हुई प्रस्तुति देर रात सिग्नेचर गायकी पर खत्म हुई। अवसर था ग्वालियर व्यापार मेला के फेसिलिटेशन सेंटर में शनिवार को आयोजित गायक तृप्ति शाक्य नाइट का।
कार्यक्रम में तृप्ति ने सत्यम शिवम सुंदरम... स्तुति से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कभी राम बनके कभी श्याम बनके..., भटकता डोले काहे प्राणी..., जिस भजन में राम का नाम नहीं... गीत गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। लोगों की फरमाइश पर उन्होंने अपनी एलबम मीरा श्याम की दीवानी के अब मैं शरण तिहारी जी मोहे राखा... और वाला मैं वैरागन हूंगी... गीत भी सुनाए। तृप्ति के साथ उनके सह गायक प्रदीप सांवरा ने भी डुईट प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव अरुण श्रीवास्तव, मदनमोहन दानिश उपस्थित थे। आयोजन में अमित अग्रवाल ने कीबोर्ड, अमित मोहन ने गिटार, नरेश ने ढोलक, राजा भट्ट ने तबले, अरुण भटनागर ने ऑक्टोपैड और मनोज भट्ट ने ढोल पर संगत की।
भजनों का आनंद लेते हैं विदेशी
इलाहाबाद से संगीत की तालीम ले चुकीं भजन गायिका तृप्ति शाक्य ने बताया कि मैंने देश-विदेशों में कई मंचों पर प्रस्तुति दी है। इसमें थाईलैंड, मॉरीशस आदि कई देशों में मेरी प्रस्तुतियां अविस्मरणीय हैं। वहां भारतीयों के साथ विदेशी भी भजनों का खूब आनंद लेते हैं।