ग्वालियर के नीतेश बने चैंपियन
ग्वालियर. मेजबान बॉक्सर नीतेश अग्रवाल यहां खेली गई द्वितीय महापौर राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में चैंपियन बने। उन्होंने सीनियर बालक वर्ग में टीटी नगर भोपाल के रवि को शिकस्त देकर विजयी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हालांकि इस वर्ग में टीटी नगर बॉक्सिंग अकादमी का दल सर्वाधिक १८ अंक लेकर विजेता बना। वहीं बालिका वर्ग में भी इसी अकादमी के बॉक्सरों का जलवा रहा। उन्होंने सर्वाधिक १२ अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का समापन शनिवार को सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन ने विजेता और उपविजेता बॉक्सरों को पुरस्कृत कर किया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रामेश्वर भदौरिया और प्रकाशचंद्र कोरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एलएनआईपीई में खेली गई प्रतियोगिता में जूनियर बालिका वर्ग में साई भोपाल और सब-जूनियर बालिका वर्ग में टीटी नगर भोपाल ने श्रेष्ठ प्रदर्शन कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। इसी के बालक वर्ग में साई भोपाल और टीटी नगर भोपाल ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के समापन समारोह का संचालन बॉक्सिंग कोच तरनेश तपन ने किया। सर्वप्रथम नगर निगम के खेल अधिकारी सतपाल सिंह चौहान और ओमप्रकाश बाथम ने अतिथियों का स्वागत किया।