फुटपाथियों के लिए कल जगह तलाशेंगे अफसर
नगर संवाददाता. ग्वालियर
फुटपाथियों को जमीन देने के मामले में पार्षदों की रिपोर्ट के बाद कोई ठोस निर्णय नहीं निकलने पर एक बार फिर जगह की तलाश की जाएगी। अब यह जिम्मा जिला प्रशासन, नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस के अफसर संभालेंगे। सोमवार को वे व्यापारियों के साथ पैदल महाराज बाड़ा के आसपास की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। महापौर समीक्षा गुप्ता के बाद अब कलेक्टर पी. नरहरि ने भी महाराज बाड़े पर फुटपाथियों को जगह देने से साफ इनकार कर दिया है।
उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका में सुनवाई के बाद नगर निगम ने नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट के बाहर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ कारोबारियों को हटा दिया था। विपक्षी पार्षदों व फुटपाथ व्यापारियों के विरोध के बाद सभापति बृजेंद्र सिंह जादौन ने पार्षदों की पांच सदस्यीय कमेटी गठित की थी। इस कमेटी ने बाड़े का निरीक्षण कर फुटपाथ कारोबारियों के लिए विक्टोरिया मार्केट के बाहर व नजरबाग मार्केट की वाहन पार्किंग की जगह देने में सहमति प्रदान की थी। इस मामले में शनिवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों, फुटपाथ विक्टोरिया मार्केट, नजरबाग मार्केट व सुभाष मार्केट के व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। नगर निगम कमिश्नर विनोद शर्मा ने कहा कि नगर निगम ने वर्ष 2006 में महाराज बाड़े पर कार्रवाई करते हुए फुटपाथ कारोबारियों को पदमा विद्यालय के पास जगह दी थी। लेकिन कुछ साल बाद कारोबारी वापस बाड़े पर आ गए। अब उच्च न्यायालय से अवमानना का नोटिस मिला है।