दिल्ली से लेट आईं ट्रेन
ग्वालियर. कोहरे के चलते दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें घंटों देरी से ग्वालियर आईं। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को कोहरे के कारण ग्वालियर से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। ट्रेनों के देरी से पहुंचने के कारण ट्रेनों का मेंटेनेंस समय पर नहीं हो सका। ट्रेनों का समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण ग्वालियर की ओर आने वाली ट्रेनें दिल्ली से ही एक से तीन घंटे की देरी से रवाना हो सकीं।
दो लोगों को रोशनी देंगी आशा की आंखें
ग्वालियर. हजीरा स्थित गिर्राज मार्केट में रहने वालीं आशा जैन की आंखें दो लोगों के जीवन को रोशन करेंगी। ५९ वर्षीय आशा का शनिवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। इसके बाद आशा के पति अशोक जैन ने पत्नी के नेत्रदान करने के संकल्प को पूरा करने के लिए रतन ज्योति नेत्रालय में फोन किया। नेत्रालय की स्वामी विद्यानंद भारती नेत्रकोष की टीम गिर्राज मार्केट पहुंची और आशा के नेत्र आहरित किए।