- Hindi News
- 47 करोड़ से बदलेगी चार औद्योगिक क्षेत्रों की सूरत
47 करोड़ से बदलेगी चार औद्योगिक क्षेत्रों की सूरत
विशेष संवाददाता. ग्वालियर
जिले की सीमा से लगे औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर के साथ-साथ शहर में बसे महाराजपुरा, तानसेन नगर और बाराघाटा औद्योगिक क्षेत्रों की सूरत बदलने के लिए 47 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से इन क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के उन्नयन का कार्य होगा। शनिवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज ग्वालियर के सभागार में अपने स्वागत में आयोजित समारोह में यह बात कही।
मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रदेश सरकार ने 40 करोड़ और बाकी तीनों औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 7 करोड़ की राशि मंजूर की है। चेंबर की ओर से सौंपे गए ज्ञापन पर चर्चा करते हुए श्रीमती सिंधिया ने अंचल के उद्यमियों से कहा- मैं आपके लिए मंत्री नहीं, फेसिलिटेटर हूं। हम आपके हैं, आप हमारे। राजनीति का सफर वैसे भी कांटों भरा है लेकिन इसमें आपका साथ रहेगा तो विकास का रास्ता आसान होगा। आरंभ में चेंबर के अध्यक्ष विष्णु गर्ग ने स्वागत भाषण के साथ अंचल के उद्योगों की समस्याओं को लेकर दिए गए नौ सूत्रीय ज्ञापन के मुख्य बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित कराया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने और आभार संयुक्त सचिव डॉ. प्रकाश अग्रवाल ने माना। मंच पर कोषाध्यक्ष कैलाश लहारिया भी मौजूद थे।
यातायात प्रबंधन नहीं, तो टैक्स क्यों : चेंबर अध्यक्ष श्री गर्ग ने उद्योगों से नगर निगम द्वारा वसूले जाने वाले यातायात प्रबंधन शुल्क को खत्म करने का आग्रह किया। इस पर उद्योग मंत्री ने कहा- शहर में यातायात प्रबंधन तो कहीं दिखता नहीं है फिर टैक्स किस बात का? उन्होंने कहा- इस मुद्दे पर मैं पूर्व महापौर विवेक शेजवलकर से पूरी जानकारी लेने के बाद चर्चा करूंगी। उन्होंने सिंगल विंडो क्लियरिंग सिस्टम सुधारने और टैक्स विसंगतियों की बाधा दूर करने की बात भी कही।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 8 से 10 अक्टूबर तक इंदौर में होगी। ग्वालियर ट्रेड फेयर अथॉरिटी के माध्यम से ग्वालियर मेला को नया और अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। यहां वर्ष में एक माह मेला और बाकी 11 माह एक्सपो एक्जिविशन आदि गतिविधियां हों, इसके लिए इंटरनेशनल कंसल्टेंट की सेवाएं ली जाएंगी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट इंदौर में
जिले में लघु उद्योगों के लिए बनेंगे बहुमंजिला शेड
ग्वालियर में पे एंड प्लेस योजना के तहत सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के लिए बहुमंजिला शेड बनेंगे। उद्योग मित्र योजना पुन: लागू होगी। शिवपुरी सहित कटनी और राजगढ़ में नेशनल मैन्युफैक्चरिंग जोन बनेंगे। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में चार इन्वेस्टमेंट कॉरिडोर बनेंगे। इनमें मुरैना, ग्वालियर,शिवपुरी और गुना जिला शामिल है। डीएमआईसी की तर्ज पर ग्वालियर में औद्योगिक विकास के लिए जापान से तकनीकी मदद ली जाएगी।
चेंबर सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करतीं मंत्री यशोधरा राजे व मौजूद व्यापारी।