- Hindi News
- हाथ धोए, जेवरात समेटे और ठंड लगी तो शॉल ओढ़ कर चले गए
हाथ धोए, जेवरात समेटे और ठंड लगी तो शॉल ओढ़ कर चले गए
नगर संवाददाता. ग्वालियर
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हर्ष नगर में चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के घर के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपए का सामान पार कर दिया। घटना गुरुवार रात की है इसका पता शुक्रवार की सुबह लगा। चोरों ने हाथ धोकर अलमारी और लॉकरों के ताले खोले ताकि फिंगर प्रिंट न मिल पाएं और इसके बाद नकदी और रुपए समेटकर शॉल ओढ़कर भाग निकले। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हर्ष नगर में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक रामअवतार मिश्रा दिल्ली में अपने बेटे से मिलने के लिए गए हुए थे। शुक्रवार की सुबह इनकी बेटी घर की देखरेख करने पहुंची तो घर के ताले टूटे हुए मिले। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत विश्वविद्यालय थाने की पुलिस को दी। इसके तुरंत बाद ही घटनास्थल पर टीआई एसके सक्सेना तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि इनमें एक चोर की अंगुलियां पतली रहीं होंगी तथा इसकी उम्र कम होगी। चोरों ने जिन कमरों के ताले तोड़े उनके बाहर अपने हाथ धोए ताकि फिंगर प्रिंट ठीक से न आ पाए। हालांकि कुछ स्थानों पर इनके फिंगर प्रिंट मिल गए जबकि कुछ जगह हाथ गीले होने की वजह से केवल धब्बे ही मिल पाए। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।