- Hindi News
- बिल्डर ने की स्टाम्प ड्यूटी में हेराफेरी
बिल्डर ने की स्टाम्प ड्यूटी में हेराफेरी
ग्वालियर - बिल्डर ने स्टाम्प ड्यूटी में हेराफेरी कर पंजीयन विभाग को चार करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगा दिया है। डूब में गई राशि की वसूली के लिए विभाग अब प्रकरण दर्ज कर रहा है। इस बात का खुलासा उप महानिरीक्षक पंजीयन की प्रारंभिक जांच में हुआ है। डिटेल जांच वरिष्ठ जिला पंजीयक कर रहे हैं।
महानिरीक्षक पंजीयन ने 16 जनवरी को पंजीयन विभाग के मैदानी अफसरों को निर्देश दिए हैं वे वाणिज्यिक कर विभाग की जांच में जब्त दस्तावेज का बारीकी से परीक्षण करें। इसी आधार पर उप महानिरीक्षक पंजीयन राजीव जैन ने वाणिज्यिक कर दफ्तर जाकर एसोटेक सीपी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रालि के दस्तावेज देखे। इस बिल्डर के यहां पर वाणिज्यिक कर की कर अपवंचन इकाई ने 23 मार्च 2013 को छापा मारा था। दो सौ दस्तावेज भी जब्त कर लिए थे। श्री जैन ने इन्हीं दस्तावेज की जांच में लगभग 4 करोड़ 15 लाख रु. की स्टाम्प चोरी पकड़ी है। डिप्टी कमिश्नर एंटी इवेजन वाणिज्यिक कर आईपी जैन ने कहा- छापे के बाद टैक्स चोरी के एवज में एक करोड रु. जमा कराए जा चुके हैं। स्टाम्प शुल्क चोरी की जांच डीआईजी पंजीयन को करना है।