- Hindi News
- हाथ में सामान लेकर बेचने वालों को नहीं रोकें: दौलतानी
हाथ में सामान लेकर बेचने वालों को नहीं रोकें: दौलतानी
नगर संवाददाता, ग्वालियर।
फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों के लिए स्थान तलाशने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने सोमवार को महाराज बाड़े के आसपास दो घंटे निरीक्षण किया। इस दौरान ऐसा स्थान नहीं मिला, जहां फुटपाथियों को जगह दी जा सके। इसी बीच एक व्यक्ति ने कहा कि मदाखलत अमले के लोग हाथ में सामान लेकर बेचने वालों को भी हटा देते हैं। इस पर अपर कमिश्नर एमएल दौलतानी ने कहा कि हाथ ऐसे लोगों को नहीं रोका जाए, लेकिन इन्हें जमीन पर बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नगर निगम परिषद द्वारा गठित पार्षदों की समिति ने फुटपाथ कारोबारियों के लिए विक्टोरिया मार्केट के बाहर व नजरबाग मार्केट की पार्किंग में दो घंटे के लिए स्थान उपलब्ध कराने की अनुशंसा की थी। इस मामले को लेकर शनिवार को कलेक्टोरेट में नजरबाग मार्केट, विक्टोरिया मार्केट, सुभाष मार्केट के व्यापारियों व फुटपाथ कारोबारियों की बैठक हुई थी। फुटपाथ कारोबारियों ने जहां बाड़े पर जगह देने की मांग की थी वहीं व्यापारियों ने भी अपनी समस्या से अवगत कराया था। कलेक्टर पी. नरहरि ने सभी लोगों की बात सुनने के बाद कहा था कि फुटपाथियों को किसी भी कीमत पर बाड़े पर जगह नहीं दी जा सकती। बाड़े के आसपास स्थान उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम विक्की कार्तिकेयन, नगर निगम के अपर कमिश्नर एमएल दौलतानी, तहसीलदार डीडी शर्मा व डीएसपी ट्रैफिक अजय त्रिपाठी को पुन: जगह देखने के आदेश दिए थे। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने सोमवार को विक्टोरिया मार्केट, नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, स्टेट बैंक, दर्जी ओली व कंपू हॉकर्स जोन का निरीक्षण किया। नजरबाग मार्केट के बाहर पार्किंग में वाहन खड़े थे, जबकि सुभाष मार्केट में बैंक के पीछे गली बंद कर बैंक का फर्नीचर भरा था। वहीं फुटपाथ कारोबारियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिस दिन नगर निगम ने बाड़े से फुटपाथियों को हटाया था तब उनकी संख्या लगभग 80 थी, लेकिन वर्तमान में जगह मांगने वालों की संख्या 399 तक पहुंच गई है।
साप्ताहिक हाट में दी जा सकती है जगह
बाड़े के आसपास सभी स्थानों का निरीक्षण करने के बाद श्री दौलतानी व श्री त्रिपाठी ने कहा कि फुटपाथ पर अस्थायी दुकान लगाने वालों को साप्ताहिक हाट के रूप में मंगलवार को नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट व टोपी बाजार की बंद दुकानों के बाहर जगह दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कंपू हॉकर्स जोन में भी दुकान लगाई जा सकती हैं। यहां व्यापारियों को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
सर, मैं दो साल से दुकान के लिए भटक रहा हूं रेडीमेड कारोबारी क्षमेंद्र कुमार जैन निरीक्षण के दौरान श्री दौलतानी के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि सर, आप फुटपाथियों के लिए जगह देख रहे हैं। मैं दुकान के लिए चार साल से चक्कर लगा रहा हूं। श्री जैन ने बताया कि उनकी दुकान अतिक्रमण हटाओ मुहिम के दौरान तोड़ दी गई थी। श्री दौलतानी ने उन्हें जनसुनवाई में आवेदन देने को कहा।